जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की तिरंगा यात्रा से गूंजा देहरादून, ‘भारत माता की जय’ के नारों से जगाया राष्ट्रप्रेम

देहरादून, 14 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को देहरादून की सड़कों पर देशभक्ति का रंग देखने को मिला। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा का उद्देश्य नागरिकों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता और अखंडता की भावना को मजबूत करना तथा संविधान और नागरिक कर्तव्यों के प्रति जागरूकता फैलाना रहा।

यात्रा का शुभारंभ जिला जज एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष हरीश कुमार गोयल के नेतृत्व में न्यू कोर्ट बिल्डिंग से हुआ। तिरंगा हाथों में लिए न्यायिक अधिकारी, कर्मचारी, बार एसोसिएशन के पदाधिकारी और सदस्य, दून वैली व्यापार मंडल के प्रतिनिधि, विभिन्न लॉ कॉलेजों के छात्र-छात्राएं, पराविधिक कार्यकर्ता, सामाजिक और स्वयंसेवी संस्थाओं के लोग इसमें शामिल हुए। यात्रा प्रिंस चौक, तहसील चौक और दर्शन लाल चौक से होते हुए घंटाघर पहुंची। पूरे मार्ग में ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के उद्घोष गूंजते रहे। स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों ने भी जगह-जगह फूल बरसाकर और स्वागत कर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया।

इस अवसर पर जिला जज हरीश कुमार गोयल ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं है, बल्कि यह स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों के त्याग और भारत की एकता-अखंडता का प्रतीक है। स्वतंत्रता दिवस हमें अपने गौरवशाली इतिहास की याद दिलाने के साथ-साथ संविधान में दिए गए अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति सजग रहने की प्रेरणा देता है।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सीमा डुंगराकोटी ने कहा कि प्राधिकरण का मूल मंत्र ‘न्याय सबके लिए’ है। स्वतंत्रता और न्याय एक-दूसरे के पूरक हैं। एक सशक्त लोकतंत्र तभी संभव है जब समाज के हर व्यक्ति को समानता, गरिमा और न्याय तक समान पहुंच मिले। उन्होंने लोगों से संविधान के मूल्यों का सम्मान करने और सामाजिक सौहार्द एवं भाईचारे को मजबूत करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में अपर जिलाधिकारी, एसपी क्राइम सहित प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, देहरादून बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल शर्मा और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए न्याय, समानता, स्वतंत्रता और बंधुत्व की भावना को हर वर्ग तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया। तिरंगा यात्रा ने यह स्पष्ट संदेश दिया कि राष्ट्रप्रेम किसी एक वर्ग की नहीं, बल्कि हर नागरिक की साझा जिम्मेदारी है।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments