

अयोध्या में 67.83 करोड़ से बनेगा ‘देवभूमि परिचय केंद्र’ रूपी राज्य अतिथि गृह, रुद्रपुर के मोदी मैदान में 23.32 करोड़ का अत्याधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स
देहरादून।आवास एवं राज्य संपत्ति विभाग अब केवल सरकारी भवन खड़े नहीं करेगा, बल्कि उत्तराखंड की संस्कृति का परचम देशभर में लहराएगा और प्रदेश के युवाओं को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। इसी कड़ी में विभाग के सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने राज्य सचिवालय में दो बड़ी परियोजनाओं की समीक्षा की। दोनों परियोजनाओं का स्वरूप अलग-अलग है, पर उद्देश्य एक ही है—उत्तराखंड की पहचान और संभावनाओं को नई ऊंचाइयां देना।
समीक्षा बैठक में अयोध्या स्थित अयोध्याधाम में 67.83 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से बनने वाले राज्य अतिथि गृह और उधमसिंहनगर के रुद्रपुर स्थित मोदी मैदान में 23.32 करोड़ (2332.05 लाख) की संशोधित लागत से विकसित होने वाले इंडोर एवं आउटडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के प्रस्तावों पर विस्तार से चर्चा हुई।
अयोध्या में बनने वाला राज्य अतिथि गृह केवल ठहरने की सुविधा नहीं होगा, बल्कि उत्तराखंड की सांस्कृतिक और प्राकृतिक विविधता का परिचय केंद्र होगा। भवन की आंतरिक सज्जा में पारंपरिक पहाड़ी वास्तुशैली को प्रमुखता दी जाएगी। सबसे खास बात यह है कि भवन के अलग-अलग तल अलग-अलग थीम पर आधारित होंगे—ओम पर्वत, ग्लेशियर, जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क और पंचाचूली पर्वत शिखर जैसे प्रतीकों को भवन की थीम का हिस्सा बनाया जाएगा। इसका मकसद है कि अयोध्या आने वाले श्रद्धालु और पर्यटक उत्तराखंड के अतिथि गृह में ठहरते ही देवभूमि की संस्कृति, प्रकृति और स्थापत्य से रू-ब-रू हो सकें। बैठक में मूल योजना के ‘बारात घर’ को हटाने और भवन को अतिथि गृह के निर्धारित मानकों के अनुरूप विकसित करने का निर्णय भी लिया गया।
वहीं रुद्रपुर के मोदी मैदान में युवाओं के लिए सपनों का स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स तैयार होगा। परियोजना का पूर्व आगणत 2374.56 लाख था, जिसे संशोधित कर 2332.05 लाख किया गया है। इंडोर परिसर में जिम, टेबल टेनिस और बैडमिंटन की सुविधा होगी, जबकि आउटडोर में वॉलीबॉल, बास्केटबॉल, फुटबॉल, पिकलबॉल और टेनिस कोर्ट बनेंगे। इसके अलावा करीब एक किलोमीटर लंबा साइक्लिंग रूट और ट्रैक पाथ भी विकसित किया जाएगा। लागत नियंत्रण के लिए बाउंड्रीवॉल की ऊंचाई घटाकर उसकी जगह लोहे की ग्रिल लगाई जाएगी। 14 अगस्त 2026 को हुई विभागीय व्यय समिति की बैठक में संशोधित आगणन को सैद्धांतिक सहमति मिल चुकी है और प्रस्ताव अब व्यय वित्त समिति के अनुमोदन के लिए भेजा जाएगा।
समीक्षा बैठक के बाद सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप विभाग का विशेष फोकस परियोजनाओं को गुणवत्तापूर्ण, समयबद्ध और जनोपयोगी बनाने पर है। अयोध्या का अतिथि गृह देवभूमि की विरासत को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करेगा, तो रुद्रपुर का स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स युवा प्रतिभाओं को आधुनिक अवसर देगा। उनका कहना था कि दोनों परियोजनाओं की समीक्षा में गुणवत्ता, लागत संतुलन, उपयोगिता और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखा गया है।
बैठक में अपर सचिव एवं राज्य संपत्ति अधिकारी अभिषेक रुहेला, उप सचिव हनुमान प्रसाद तिवारी तथा कार्यदायी संस्था उत्तराखंड पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम के परियोजना प्रबंधक राकेश चंद्र तिवारी उपस्थित रहे।

Recent Comments