धामी का दम, 10 साल का वनवास खत्म, सेंट्रल होप टाउन की खतौनी हुई ऑनलाइन

देहरादून। सेलाकुई क्षेत्र के मौजा सेंट्रल होप टाउन के 25 से 30 हजार लोगों के लिए दशक भर का इंतजार आखिरकार खत्म हो गया है। उत्तराखंड सरकार ने लगभग 8 से 10 वर्षों से बंदोबस्त के कारण अटकी पड़ी खतौनी को भूलेख पोर्टल पर ऑनलाइन जारी कर दिया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के हस्तक्षेप के महज 45 दिन के भीतर शासन-प्रशासन ने युद्धस्तर पर कार्रवाई करते हुए कुल 1,188 खातों को ऑनलाइन कर दिया है। 25 अगस्त 2026 को सभी खाते भूलेख पोर्टल पर सार्वजनिक कर दिए गए हैं।

गौरतलब है कि 11 जुलाई 2026 को जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों ने मुख्यमंत्री धामी के सामने यह समस्या रखी थी। लोगों ने बताया था कि ऑनलाइन रिकॉर्ड न होने से दाखिल-खारिज, बैंक लोन, विरासत, स्थायी निवास और जाति प्रमाण पत्र बनवाने में भारी परेशानी हो रही है। समस्या की गंभीरता को देखते हुए मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को दो माह में हर हाल में रिकॉर्ड ऑनलाइन करने के सख्त निर्देश दिए थे। मुख्यमंत्री के निर्देश का ही नतीजा है कि तय समय से 15 दिन पहले ही यह कार्य पूरा हो गया है।

खतौनी ऑनलाइन होने से अब क्षेत्रवासियों को तहसील और पटवारी के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे। आवेदक घर बैठे ही भूलेख पोर्टल http://bhulekh.uk.gov.in से अपनी खतौनी डाउनलोड कर सकेंगे। इस फैसले से न सिर्फ व्यक्तिगत राजस्व कार्य आसान होंगे, बल्कि क्षेत्र में वर्षों से रुकी हुई विकास योजनाओं को भी गति मिलेगी। स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने इस ऐतिहासिक फैसले के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और जिला प्रशासन का आभार जताया है।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments