
हरिद्वार( एजेंसी) उत्तरकाशी के धराली में 5 अगस्त को आई भीषण आपदा के बाद प्रभावित लोगों की सहायता के लिए कई संगठन और संस्थाएं आगे आ रही हैं। इसी कड़ी में योग गुरु बाबा रामदेव ने पतंजलि योगपीठ के माध्यम से शनिवार को हरिद्वार के पतंजलि योगपीठ फेज-2 से धराली के लिए राहत सामग्री से भरे ट्रक रवाना किए। बाबा रामदेव ने आपदा से प्रभावित लोगों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए उन्हें हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया।
पतंजलि योगपीठ की ओर से धराली के पीड़ितों के लिए आवश्यक वस्तुएं जैसे राशन, दाल, खाद्य तेल, और तिरपाल भेजे गए हैं। बाबा रामदेव ने कहा कि उत्तराखंड में बार-बार आने वाली प्राकृतिक आपदाओं को देखते हुए यह विचार करना जरूरी है कि राज्य में बसावट का ढांचा कैसा हो, ताकि प्रतिकूल परिस्थितियों में लोगों की जान और माल की हानि को कम किया जा सके। उन्होंने बताया कि हिमालय की भौगोलिक संरचना के कारण कच्चे पहाड़ों में भूस्खलन और बादल फटने की घटनाएं आम हैं, जिसके लिए दीर्घकालिक योजना और आत्ममंथन की आवश्यकता है।
बाबा रामदेव ने जोर देकर कहा कि पतंजलि द्वारा भेजी गई राहत सामग्री तात्कालिक सहायता के लिए है, जो संगठन का सामाजिक दायित्व है। उन्होंने कहा कि आपदा में धराली के लोगों की जिंदगी भर की कमाई और जमीन बह गई है, और उनका सब कुछ नष्ट हो गया है। सरकार प्रभावित लोगों को फिर से खड़ा करने के लिए कार्य कर रही है, और पतंजलि भी इसमें हर संभव योगदान देगा।
गौरतलब है कि 5 अगस्त को धराली में आई आपदा ने भारी तबाही मचाई थी, जिसमें पूरा धराली बाजार मलबे में दब गया। कई लोग 50 फीट मलबे के नीचे फंसे हैं, और उनकी तलाश में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।

Recent Comments