लक्सर में आपदा प्रबंधन समीक्षा बैठक, विनय रुहेला ने राहत कार्यों में तेजी के दिए निर्देश, महाराजपुर-गंगदासपुर सड़क को 3.72 करोड़ की स्वीकृति

हरिद्वार। विकासखंड सभागार लक्सर में उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष विनय रुहेला की अध्यक्षता में मानसून एवं बाढ़ आपदा प्रबंधन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जनप्रतिनिधियों और सिंचाई, पीडब्ल्यूडी, जल संस्थान, विद्युत, स्वास्थ्य, राजस्व सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया।

उपाध्यक्ष ने लक्सर और खानपुर क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गांवों, राहत-बचाव कार्यों और क्षति आकलन की समीक्षा करते हुए कहा कि आपदा संबंधी शिकायतों का प्राथमिकता से समाधान हो और राहत कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

पीडब्ल्यूडी अधिकारियों से गांवों को जोड़ने वाली पुलियाओं की स्थिति की जानकारी ली गई और क्षतिग्रस्त सड़कों की दो दिन में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर जनपद की सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त करना प्राथमिकता है। निरंजनपुर और गंगदासपुर में जलभराव, कुआंखेड़ा में सोलानी नदी कटाव, नरोजपुर की टूटी सड़क, फ्लाईओवर के नीचे जलभराव और पोडोवाली पुल की क्षति पर चर्चा हुई। अधिकारियों को स्थलीय निरीक्षण कर समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

विनय रुहेला ने बताया कि मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत महाराजपुर स्थित सत्संग भवन से गंगदासपुर तक 4.50 किलोमीटर सड़क के सुधारीकरण के लिए 3.72 करोड़ रुपये की प्रशासनिक और वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। पीडब्ल्यूडी को औपचारिकताएं पूरी कर शीघ्र कार्य शुरू करने को कहा।

बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों पर नाराजगी जताते हुए कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। पूर्ति विभाग को बाढ़ क्षेत्रों में खाद्यान्न की पर्याप्त उपलब्धता, विद्युत विभाग को क्षतिग्रस्त पोल दुरुस्त करने और पशुपालन विभाग को पशुओं के लिए चारा व चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने को कहा। नगर निकायों को जलभराव की सफाई, फॉगिंग और कीटनाशक छिड़काव के निर्देश दिए।

बैठक के बाद उपाध्यक्ष ने कुआंखेड़ा में सोलानी नदी कटाव क्षेत्र का निरीक्षण किया और सुरक्षा कार्य तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, ब्लॉक प्रमुख डॉ. हर्ष कुमार दौलत, राज्यमंत्री ओमप्रकाश जमदग्नि, पूर्व विधायक संजय गुप्ता, पूर्व विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन, एसडीएम अनिल कुमार शुक्ला सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments