
भिकियासैंण,अल्मोड़ा (आरएनएस )विकासखंड भिकियासैंण के राजकीय प्राथमिक विद्यालय डढूली में कक्षा 5 में पढ़ने वाले दिव्यांश शर्मा ने विद्याज्ञान विश्वस्तरीय आवासीय विद्यालय की प्रवेश परीक्षा में शानदार सफलता हासिल की है। इस उपलब्धि ने न सिर्फ उनके परिवार, बल्कि पूरे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है।
दिव्यांश ने इस प्रतिष्ठित परीक्षा के तीनों चरणों को सफलतापूर्वक पार करते हुए अंतिम रूप से चयनित होकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उन्हें 4 अप्रैल को सीतापुर, लखनऊ स्थित विद्याज्ञान विद्यालय में कक्षा 6 में प्रवेश के लिए कॉल लेटर प्राप्त हो चुका है। यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि विद्याज्ञान की चयन परीक्षा में सफलता का अनुपात 1% से भी कम है, जिससे दिव्यांश की असाधारण प्रतिभा और मेहनत का अंदाजा लगाया जा सकता है।
विद्याज्ञान में मिलती है विश्वस्तरीय शिक्षा
विद्याज्ञान विद्यालय में कक्षा 6 से 12 तक सीबीएसई पाठ्यक्रम के तहत योग्य, प्रशिक्षित और अनुभवी शिक्षकों द्वारा विश्वस्तरीय उत्कृष्ट आवासीय शिक्षा बिल्कुल मुफ्त प्रदान की जाती है। यहां शिक्षा, छात्रावास, भोजन, वस्त्र, पुस्तकें, कंप्यूटर, खेल, चिकित्सा जैसी सभी सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध हैं।
प्रधानाध्यापक और सहायक अध्यापक का मार्गदर्शन रहा अहम
दिव्यांश की इस सफलता में विद्यालय के प्रधानाध्यापक ठाकुरपाल और सहायक अध्यापक अमित पाण्डे का कुशल मार्गदर्शन महत्वपूर्ण रहा। उनके मार्गदर्शन और दिव्यांश की मेहनत ने इस असंभव को संभव कर दिखाया।
परिवार और क्षेत्र में खुशी की लहर
दिव्यांश की इस सफलता पर उनके पिता दीप चंद्र शर्मा, माता नीमा देवी, समस्त ग्रामवासियों, अध्यापकों और खंड शिक्षा अधिकारी डॉ. रवि मेहता ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं। पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है और दिव्यांश की यह उपलब्धि अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी है।

Recent Comments