DM डॉ. आशीष चौहान ने UPCL के अधीक्षण अभियंता का रोका वेतन, 5 दिन में अंडरग्राउंड केबल कार्य पूर्ण करने के सख्त निर्देश

देहरादून। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने आज बल्लीवाला फ्लाईओवर से कांवली रोड होते हुए सहारनपुर चौक तक यूपीसीएल के अंडरग्राउंड केबल बिछाने के कार्यों का निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने धीमे काम, अपर्याप्त मैनपॉवर और मशीनरी पर नाराजगी जताई। डीएम ने रोड कटिंग समिति की शर्तों का पालन करते हुए पांच दिनों में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए, साथ ही कार्यों में लापरवाही बरतने पर यूपीसीएल के अधीक्षण अभियंता का वेतन रोकने के आदेश जारी किए। निरीक्षण के दौरान कांवली रोड से सहारनपुर चौक तक कई स्थानों पर खुदाई के बाद निर्माण सामग्री और मलबा बिखरा मिला, जिससे आमजन को आवागमन में परेशानी हो रही है। इस पर डीएम ने तत्काल मलबा हटाने के निर्देश दिए।

उन्होंने अधिकारियों को 500-500 मीटर के पैच बनाकर पर्याप्त मैनपॉवर और मशीनरी के साथ युद्धस्तर पर कार्य करने को कहा। साथ ही केबल बिछाने का कार्य पूरा होने के बाद संबंधित मार्गों को शीघ्र लोक निर्माण विभाग को सौंपने के निर्देश दिए, ताकि सड़क पुनर्स्थापन और मरम्मत का कार्य तुरंत शुरू किया जा सके।

डीएम ने यूपीसीएल को प्रतिदिन कार्य प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने और सभी शेष कार्य समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने गैल द्वारा गैस पाइपलाइन कार्यों को भी अनुमति की शर्तों के अनुरूप पूरा कर सड़कें लोनिवि को हस्तांतरित करने को कहा।

मौके पर एसएसपी परमेन्द्र डोभाल, एडीएम वित्त एवं राजस्व केके मिश्रा, एसपी यातायात लोकेश सिंह, एसडीएम सदर अपूर्वा सिंह, अधिशासी अभियंता लोनिवि ओपी सिंह, यूपीसीएल के अधिकारियों सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments