डीएम मयूर दीक्षित का एक्शन: जनसुनवाई में 34 शिकायतें मौके पर निपटीं

31 अगस्त तक लंबित शिकायतें न सुलझाने पर रुकेगा वेतन

हरिद्वार।जनपद वासियों की समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में सोमवार को जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया।

जनसुनवाई में विभिन्न विभागों से जुड़ी कुल 70 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 34 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश के साथ प्रेषित किया गया।

सुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, विद्युत, अतिक्रमण, जलभराव, पेयजल, राशन कार्ड और प्रधानमंत्री आवास योजना से संबंधित मामले प्रमुख रहे। मीरपुर मुआजपुर निवासी सुभाष चंद ने नई टाइल्स रोड के किनारे नाली न होने से घर में बरसाती पानी घुसने की शिकायत की। धीरमजरा निवासी राम कुमार ने प्रधानमंत्री आवास दिलाने, बहादराबाद निवासी सुचित्रा ने पति वेद प्रकाश के इलाज में गोल्डन कार्ड न लगने, जमालपुरकला निवासी रमेश कुमार ने भूमि पर अवैध कब्जे के प्रयास और दिनारपुर निवासी गुरमेल सिंह ने खसरा संख्या 637 तक रास्ता न होने की शिकायत दर्ज कराई।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि जनसुनवाई में प्राप्त शिकायतों का प्राथमिकता और संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि स्थलीय निरीक्षण वाले मामलों में अधिकारी आपसी समन्वय से मौके पर जाकर समाधान सुनिश्चित करें। लापरवाही बरतने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा में सख्त हुए जिलाधिकारी
बैठक में सीएम हेल्पलाइन में लंबित शिकायतों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने बताया कि एल-1 पर 382 और एल-2 पर 98 शिकायतें 36 दिन से अधिक समय से लंबित हैं।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सभी 36 दिन से अधिक लंबित शिकायतों का हर हाल में 31 अगस्त तक निस्तारण करना होगा। यदि तय समय तक निस्तारण नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारी का अगस्त माह का वेतन आहरित नहीं किया जाएगा। अधिकारियों को शिकायतकर्ताओं से सिस्टम के माध्यम से फोन पर वार्ता करने के भी निर्देश दिए गए।

बैठक में डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध, मुख्य विकास अधिकारी लालित नारायण मिश्र, अपर जिलाधिकारी प्रशासनिक जितेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वैभव गुप्ता, मुख्य चिकित्साधिकारी आर के सिंह सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments