
उत्तरकाशी। विश्व पर्यावरण दिवस-2026 के अवसर पर “Inspired by Nature for Climate – Our Future” थीम के अंतर्गत वन विभाग, जिला गंगा समिति व स्वजल विभाग के संयुक्त तत्वावधान में उजेली स्थित सुमन वन में वृक्षारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना, जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों को कम करने हेतु सामूहिक प्रयासों को प्रोत्साहित करना तथा हरित आवरण में वृद्धि के लिए जनभागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम के दौरान उजेली स्थित सुमन वन में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया। इस दौरान उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्वयंसेवियों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।
कार्यक्रम में जिलाधिकारी प्रशांत आर्य ने उपस्थित सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं स्वयंसेवियों को पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जल स्रोतों के संरक्षण तथा अधिकाधिक वृक्षारोपण करने की शपथ दिलाई। उन्होंने कहा कि प्रकृति और पर्यावरण का संरक्षण प्रत्येक नागरिक का दायित्व है तथा आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए हमें पर्यावरण के प्रति संवेदनशील एवं जिम्मेदार बनना होगा। उन्होंने सभी से अपने दैनिक जीवन में पर्यावरण-अनुकूल व्यवहार अपनाने का आह्वान किया।


विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर जिला परियोजना प्रबंधन इकाई स्वजल द्वारा 01 जून से 05 जून तक आयोजित किया जा रहा “स्वच्छ गांव सुरक्षित जलवायु” अभियान के अंतर्गत आज पंजाब सिंध क्षेत्र गंगा आरती घाट पर गंगा विचार मंच द्वारा एक वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। जिसमें चिन्मय मिशन नोएडा व उत्तरकाशी, विश्व भारती पब्लिक स्कूल नोएडा, दिल्ली विश्वविद्यालय,एमिटी यूनिवर्सिटी नोएडा,लार्ड महावीरा स्कूल दिल्ली के छात्र छात्राओं, अधिकारियों , स्वयंसेवियों द्वारा प्रतिभाग किया गया। इस अवसर पर नमामि गंगे के अंतर्गत “एक पेड़ मां के नाम” “एक कदम हरित भविष्य के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण भी किया गया।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी जय भारत सिंह, प्रभागीय वनाधिकारी डीपी बलूनी, सीएमओ डॉ बीएस रावत, सीवीओ एचएस बिष्ट, सीएचओ रजनीश सिंह, सीएओ एसएस वर्मा, वन क्षेत्राधिकारी रश्मि ध्यानी, पर्यावरण विशेषज्ञ स्वजल प्रताप मटूडा, गंगा विचार मंच के संयोजक लोकेंद्र बिष्ट,स्वामी चिद्रूपानंद, ब्रह्मचारी राघवेंद्रानंद,जितमणि पैन्यूली, उत्तम पंवार आदि उपस्थित रहे।

Recent Comments