
देहरादून।देहरादून पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत एक वर्ष पूर्व राजपुर क्षेत्र में हुई सनसनीखेज हत्या का खुलासा करते हुए मामले के मास्टरमाइंड और 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी अमित भटेजा को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को जिला न्यायालय परिसर के बाहर से पकड़ा गया।
पुलिस के अनुसार, यह हत्या पारिवारिक संपत्ति विवाद के चलते कराई गई थी। आरोपी अमित भटेजा ने अपने सौतेले भाई अजय भटेजा की हत्या के लिए उत्तर प्रदेश के शार्प शूटर राजन उर्फ जैकी को सुपारी दी थी। हत्या में उसकी प्रेमिका हुमेरा उर्फ जोया भी शामिल थी, जिन्हें पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
घटना 26 मई 2025 की है, जब जाखन स्थित आवास में अजय भटेजा की तकिये से मुंह दबाकर हत्या कर दी गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। मोबाइल सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की मदद से पुलिस ने पहले शूटर राजन और उसकी साथी हुमेरा को गिरफ्तार किया।
पूछताछ में सामने आया कि अमित भटेजा अपने भाई से संपत्ति में हिस्सा मांग रहा था, लेकिन इनकार मिलने पर उसने हत्या की साजिश रची। आरोपी ने शूटर को जाखन स्थित संपत्ति में हिस्सा देने और अन्य आपराधिक मामले में बचाने का लालच दिया था।

पुलिस ने बताया कि हत्या के बाद अमित मौके पर पहुंचकर संपत्ति से जुड़े दस्तावेज भी अपने साथ ले गया था। सह-आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद जब उसका नाम सामने आया, तो वह छिपता फिर रहा था और अपने वकील से मिलने के लिए अदालत पहुंचा था, जहां उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी के पास से संपत्ति और वाहनों से संबंधित दस्तावेज बरामद हुए हैं, जिनकी जांच जारी है।
पुलिस टीम में थाना राजपुर के थानाध्यक्ष उपनिरीक्षक पी.डी. भट्ट, वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रवेश रावत और कांस्टेबल अमित कुमार शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

Recent Comments