देहरादून । वीकेंड पर देहरादून पुलिस ने “ऑपरेशन नाईट स्ट्राइक” के तहत पूरी रात शहर भर में सघन चेकिंग, छापेमारी और सत्यापन अभियान चलाकर कानून तोड़ने वालों पर कड़ा शिकंजा कसा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के नेतृत्व और एसपी सिटी की मॉनिटरिंग में चली इस बड़ी कार्रवाई के दौरान ड्रंक एंड ड्राइव, यातायात नियमों के उल्लंघन, देर रात संदिग्ध गतिविधियों और अवैध रूप से शराब परोसने वालों के खिलाफ एक साथ कार्रवाई की गई। पुलिस ने कई काली थार समेत दर्जनों वाहनों को सीज किया, 24 लोगों को शराब पीकर वाहन चलाने के आरोप में गिरफ्तार कर हवालात पहुंचाया और देर रात सड़कों पर घूम रहे लोगों से पूछताछ कर उनका सत्यापन भी कराया।
मुख्यमंत्री उत्तराखंड के निर्देशों पर अपराधियों के विरुद्ध राज्यभर में चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत एसएसपी देहरादून ने सभी थाना क्षेत्रों में लगातार सघन चेकिंग और अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में 11/12 अप्रैल 2026 की रात पुलिस की अलग-अलग टीमों ने संदिग्धों की तलाश में उनके संभावित ठिकानों पर औचक दबिश दी और पूरे जनपद में व्यापक चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान रात में घूम रहे वाहनों और व्यक्तियों की बारीकी से जांच की गई, ताकि किसी भी आपराधिक गतिविधि पर तुरंत अंकुश लगाया जा सके।
अभियान के दौरान ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ सबसे कड़ी कार्रवाई देखने को मिली। पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों से 24 वाहन चालकों को शराब पीकर वाहन चलाने के आरोप में गिरफ्तार किया। वहीं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी सख्ती बरती गई। पुलिस ने कई थार वाहनों सहित कुल 68 वाहनों को सीज किया। समेकित कार्रवाई में 115 वाहन चालकों का एमवी एक्ट में चालान कर 63,500 रुपये जुर्माना वसूला गया, जबकि 90 वाहन चालकों के न्यायालय चालान भी किए गए। अभियान के विस्तृत हिस्से में पुलिस ने 77 वाहन चालकों के एमवी एक्ट में चालान कर 46,000 रुपये जुर्माना वसूला और 62 वाहन चालकों के न्यायालय चालान किए।
रात्रि अभियान केवल यातायात तक सीमित नहीं रहा, बल्कि संदिग्ध गतिविधियों पर भी पैनी नजर रखी गई। पुलिस ने देर रात तक शहर में घूम रहे 1252 व्यक्तियों की चेकिंग कर मौके पर पूछताछ की और उनका सत्यापन कराया। इनमें से 109 संदिग्ध व्यक्तियों के खिलाफ 81 पुलिस एक्ट के तहत चालान कर 29,500 रुपये जुर्माना वसूला गया। इसके अतिरिक्त 16 संदिग्धों को 172 बीएनएसएस के तहत हिरासत में लेकर थाने लाया गया, ताकि उनकी गतिविधियों की गहन जांच की जा सके।
अभियान के दौरान रायपुर थाना पुलिस ने पब, बार और रेस्टोरेंट्स की चेकिंग के समय एक और अहम कार्रवाई की। थाना रायपुर क्षेत्र में मैगी प्वाइंट के पास स्थित एक होटल में बिना लाइसेंस लोगों को शराब पिलाते पाए जाने पर रेस्टोरेंट स्वामी प्रदीप सोलंकी पुत्र कुंवर सिंह, निवासी रायपुर, देहरादून को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके खिलाफ थाना रायपुर में मु.अ.सं. 153/26, धारा 60/68 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मौके से बीयर की बोतलें और डिस्पोजल ग्लास भी बरामद किए गए।
दून पुलिस की इस वीकेंड नाईट स्ट्राइक ने साफ संदेश दिया है कि शहर में नशे में हुड़दंग, लापरवाही से वाहन चलाना, देर रात संदिग्ध तरीके से घूमना या बिना लाइसेंस शराब परोसना अब किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस की इस कार्रवाई से न केवल यातायात नियम तोड़ने वालों में हड़कंप मचा, बल्कि देर रात सड़कों पर नियम-कानून को चुनौती देने वालों का भी खुमार उतर गया।

Recent Comments