मसूरी। कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी एवं सांसद कुमारी शैलजा ने रविवार को मसूरी स्थित झूला घर के शहीद स्थल पर राज्य आंदोलन में प्राण न्योछावर करने वाले शहीदों की प्रतिमाओं और चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
इस दौरान उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि उत्तराखंड राज्य की स्थापना शहीदों की तपस्या और बलिदान की देन है। उनके अधूरे सपनों को साकार करना किसी भी प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। शैलजा ने मौजूदा भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछले चार वर्षों में प्रदेश सरकार के पास कोई ठोस उपलब्धि नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार महिलाओं के खिलाफ बढ़ते अपराधों और विभिन्न घोटालों में लिप्त रही है।
शैलजा ने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सरकार बनाकर रहेगी और इसके लिए कार्यकर्ता जमीनी स्तर पर जुटे हुए हैं। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के अवकाश पर जाने के सवाल पर उन्होंने इसे सामान्य बताते हुए कहा कि बड़े परिवार में ऐसा चलता रहता है। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस में किसी भी प्रकार की गुटबाजी से इनकार करते हुए कहा कि सभी मिलजुल कर चुनाव लड़ेंगे।
इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, विधायक प्रीतम सिंह, पूर्व विधायक जोत सिंह गुनसोला, गोदावरी थापली, होटल एसोसिएशन अध्यक्ष संदीप साहनी, नागेंद्र उनियाल, गौरव अग्रवाल, प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला सहित अन्य नेता उपस्थित रहे।

Recent Comments