
देहरादून । आईटी पार्क क्षेत्र में हास्टल की तीसरी मंजिल से संदिग्ध परिस्थितियों में छात्रा के गिरकर घायल होने के मामले में केस दर्ज हो गया है। केस में हास्टल में उसके साथ रहने वाली चार छात्राओं को आरोपी बनाया गया है। पुलिस मुकदमा दर्ज कर तथ्यों के आधार पर मामले की जांच में जुट गई है।
एसओ राजपुर पीडी भट्ट ने बताया कि आगरा निवासी राहुल भगौर की बेटी दून डिफेंस ड्रीमर्स में प्रतियोगी परीक्षा की कोचिंग ले रही थी। वह आईटी पार्क चौकी क्षेत्र के राजेश्वर नगर के स्काईलाइन अपार्टमेंट, फेज एक, लेन दो की हॉस्टल बिल्डिंग में रहती थी। राहुल भगौर की तहरीर के मुताबिक बीते तीन और चार जून की दरम्यानी रात करीब 12:30 से एक बजे के बीच उन्हें फोन पर सूचना मिली कि उनकी बेटी हॉस्टल की तीसरी मंजिल की बालकनी से नीचे गिर गई है।
वह यहां पहुंचे और घटना की जानकारी ली। छात्रा का निजी अस्पताल की न्यूरो आईसीयू में इलाज चल रहा है। उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। राहुल का आरोप है कि घटना के बाद बेटी की साथी चार छात्राएं संदिग्ध और झूठी जानकारी दे रही हैं। उन्होंने शक जताया है कि साथी छात्राओं ने उसे बालकनी से धक्का दिया है। पिता ने पुलिस से मांग की है कि मामले की गहनता से जांच की जाए।
एसओ पीडी भट्ट ने बताया कि घायल छात्रा की हालत फिलहाल बेहद गंभीर है और वह अस्पताल में होश में नहीं आई है। पिता की लिखित शिकायत के आधार पर चारों नाबालिग छात्राओं के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी कैमरों की जांच के साथ घटना के हर पहलू की बारीकी से पड़ताल कर रही है।

Recent Comments