
1 साल में 127 शिक्षकों को पदोन्नति, 132 कर्मचारियों का स्थायीकरण
श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. श्रीप्रकाश सिंह ने कहा कि विवि का लक्ष्य केवल डिग्री देना नहीं, बल्कि छात्रों को रोजगार, कौशल और जीवन की स्पष्ट दिशा देना है। एक वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर चौरास परिसर के एकेडमिक एक्टिविटी सेंटर में आयोजित अभिनंदन कार्यक्रम में उन्होंने अधोसंरचना, नवाचार और कौशल आधारित शिक्षा से विवि को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प दोहराया।
कुलपति ने कहा कि कई छात्र वर्षों तक पढ़ाई करते हैं लेकिन उन्हें करियर की दिशा नहीं मिल पाती। अब शिक्षकों की भूमिका मेंटर के रूप में होगी ताकि छात्र बेहतर अवसरों की ओर बढ़ सकें। इंजीनियरिंग टीम ने अधोसंरचना विकास की विस्तृत कार्ययोजना तैयार की है जिसे जल्द केंद्र सरकार को भेजा जाएगा। चारों परिसरों की जरूरत देखते हुए शिक्षकों-कर्मचारियों के नए पदों की मांग की गई है। शिक्षक भर्ती प्रक्रिया आगे बढ़ेगी और रोस्टर जल्द प्रकाशित होगा।
उत्तराखंड से हो रहे पलायन पर चिंता जताते हुए प्रो. सिंह ने कहा कि प्रदेश के लगभग 3000 गांव खाली हो चुके हैं। विवि की जिम्मेदारी है कि वह स्थानीय युवाओं को क्षेत्र में ही रोजगार दे। इसके लिए उद्यमिता आधारित पाठ्यक्रम और स्वरोजगार से जोड़ने वाले स्किल कोर्स शुरू किए जाएंगे।

1 साल की बड़ी उपलब्धियां
अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. ओ.पी. गुसाईं ने बताया कि 21 जून 2025 को कार्यभार संभालने के बाद विवि में कई बड़े बदलाव हुए:
- शैक्षणिक सुधार: NEP-2020 लागू करते हुए अध्यादेश स्वीकृत, NEP सारथी न्यूजलेटर शुरू। वर्षों से लंबित 127 शिक्षकों की पदोन्नति पूरी।
- कर्मचारी हित: वित्त अधिकारी और परीक्षा नियंत्रक की नियुक्ति हो चुकी। 132 दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों का स्थायीकरण, 30 शिक्षणेतर कर्मचारियों को विभागीय पदोन्नति।
- सहयोग और शोध: गढ़वाल राइफल्स लैंसडाउन और SSB अकादमी श्रीनगर से MOU। सीमा दर्शन कार्यक्रम के तहत शोधार्थियों ने “सीमाभूमि दर्शन” पुस्तक प्रकाशित की।
- नई पहलें: वेलनेस सेंटर, हिंदू अध्ययन संस्थान, दूरस्थ शिक्षा केंद्र और गढ़वाली भाषा-संस्कृति केंद्र की स्थापना की पहल। छात्रावास-भवनों के लिए केंद्र को 450 करोड़ रुपये के प्रस्ताव भेजे गए।
- नए कोर्स: अगले सत्र से MSc Computer Science, MLIS, AI-ML सर्टिफिकेट, Advanced Industrial Research Technology में PG डिप्लोमा और टिहरी परिसर में 4 वर्षीय एकीकृत शिक्षक शिक्षा कार्यक्रम शुरू होंगे।
- खेल-सांस्कृति: खेलो इंडिया में पंकज सिंह रिनकोटिया ने बॉक्सिंग में स्वर्ण जीता। राष्ट्रीय युवा महोत्सव और देवभूमि संस्कृति महोत्सव में उत्कृष्ट प्रदर्शन।
कार्यक्रम में डीन रिक्रूटमेंट प्रो. एमएस पंवार, कुलसचिव प्रो. वाईपी रैवानी, वित्त अधिकारी डॉ. ए.के. मोहंती, उप कुलसचिव अनीस-उज-जमाल सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-कर्मचारी मौजूद रहे।

Recent Comments