

चर्चित मामले में नाम आने के बाद दोनों अधिकारियों की तैनाती बदली, प्रशासनिक-राजनीतिक हलकों में तेज हुई चर्चा
खबर डोज, देहरादून। नगर निगम हरिद्वार की भूमि से जुड़े चर्चित प्रकरण में नाम सामने आने के बाद सुर्खियों में रहे आईएएस अधिकारी कर्मेंद्र सिंह और पीसीएस अधिकारी अजयवीर सिंह को शासन स्तर पर नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। दोनों अधिकारियों के दायित्वों में फेरबदल करते हुए उन्हें नई तैनाती दी गई है।
आदेश के मुताबिक, आईएएस कर्मेंद्र सिंह को अपर सचिव, बाल विकास एवं महिला कल्याण विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि पीसीएस अधिकारी अजयवीर सिंह को डोईवाला चीनी मिल का अधिशासी अधिकारी नियुक्त किया गया है। इस तरह कर्मेंद्र सिंह अब बाल विकास एवं महिला कल्याण विभाग में अपनी सेवाएं देंगे, वहीं अजयवीर सिंह डोईवाला चीनी मिल के प्रशासनिक संचालन की कमान संभालेंगे।
गौरतलब है कि नगर निगम हरिद्वार की भूमि से जुड़ा यह मामला सामने आने के बाद दोनों अधिकारियों की भूमिका को लेकर व्यापक चर्चा छिड़ गई थी। इस प्रकरण में प्रशासनिक स्तर पर हुई जांच और उसके बाद की कार्रवाई भी लंबे समय तक सुर्खियों में बनी रही। ऐसे में अब दोनों अधिकारियों को नई जिम्मेदारी दिए जाने के फैसले ने प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में एक बार फिर हलचल पैदा कर दी है।
शासन की ओर से अधिकारियों के तबादले व नई तैनाती को लेकर जारी आदेश के तहत यह बदलाव किया गया है। भूमि प्रकरण से जुड़े तथ्यों और जांच की मौजूदा स्थिति को देखते हुए आगे भी शासन स्तर पर होने वाली किसी भी कार्रवाई पर नजर बनी रहेगी। अधिकारियों की नई तैनाती के बाद यह मामला एक बार फिर चर्चा के केंद्र में आ गया है।

Recent Comments