

सीएम धामी का आह्वान: संत रविदास के विचारों से बनेगा समरस समाज, भगवानपुर में करोड़ों के विकास कार्यों का जिक्र
हरिद्वार। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर चुड़ियाला, भगवानपुर में आयोजित कलश बंधन महारैली में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संत रविदास मंदिर में पूजा-अर्चना कर कलश यात्रा का शुभारंभ किया। इसके बाद मुख्यमंत्री धामी खुद अपने सिर पर कलश रखकर कार्यक्रम स्थल सीएमडी इंटर कॉलेज पहुंचे। इस मौके पर उन्होंने प्रदेश के सभी भाजपा जिलाध्यक्षों को कलश सौंपकर ‘समरसता संकल्प यात्रा’ को राज्य के सभी जिलों में संचालित करने का आह्वान किया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भारतीय संस्कृति में कलश मंगल, शुभारंभ और समृद्धि का प्रतीक है। यह अभियान संत रविदास के समरसता, समानता और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का महाअभियान है। उन्होंने कहा, “व्यक्ति अपने जन्म से नहीं, बल्कि अपने श्रेष्ठ कर्मों और मानव सेवा से महान बनता है। जब तक समाज से भेदभाव समाप्त नहीं होगा, तब तक सशक्त और समरस राष्ट्र का निर्माण संभव नहीं है।”

मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। उज्ज्वला, आयुष्मान भारत, जल जीवन मिशन और आवास योजनाओं ने गरीब व वंचित वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ा है। भगवानपुर क्षेत्र के विकास का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि बहादुरपुर-सोनाली में 12 करोड़ की बाढ़ सुरक्षा योजना, 3 करोड़ से झील का सौंदर्यीकरण, 49 करोड़ से आधुनिक विद्यालय, 8 करोड़ की लागत से तहसील भवन और ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट का निर्माण पूरा किया जा चुका है।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री खजान दास ने कहा कि काशी के गोवर्धनपुर स्थित संत रविदास की जन्मस्थली की पवित्र मिट्टी को कलश यात्राओं के जरिए देशभर में पहुंचाया जा रहा है। स्वामी निर्मलदास जी ने भी मुख्यमंत्री के प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा, भाजपा प्रदेश महामंत्री दीप्ति रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, सचिव विनय शंकर पांडे, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।


Recent Comments