

मौसम विभाग के अलर्ट के बाद जिला प्रशासन का फैसला, कक्षा 1 से 12 तक के सभी शैक्षणिक संस्थान होंगे बंद
देहरादून। जिले में लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा निर्णय लिया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग और नेशनल डिजास्टर अलर्ट पोर्टल से मिले पूर्वानुमान के अनुसार, अगले 24 घंटों के दौरान देहरादून जिले के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश, आकाशीय बिजली और बारिश के तीव्र दौर पड़ने की आशंका जताई गई है।
मौसम की इस गंभीर स्थिति को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी सह अध्यक्ष, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण देहरादून ने एहतियात के तौर पर 31 अगस्त 2026 को जिले में कक्षा 1 से 12 तक संचालित सभी शैक्षणिक संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिन का अवकाश घोषित कर दिया है।
आदेश के अनुसार जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी और निजी स्कूलों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्र भी 31 अगस्त को बंद रहेंगे। प्रशासन ने मुख्य शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को इस आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए हैं।
इसके साथ ही जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे मौसम को देखते हुए सतर्कता बरतें और बिना जरूरी काम के जोखिम भरे इलाकों में जाने से परहेज करें।
यहां देखें आदेश


Recent Comments