देहरादून । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) देहरादून द्वारा मंगलवार को पुलिस लाइन में आयोजित सैनिक सम्मेलन में पुलिस कर्मियों की समस्याओं को सुना गया और उनके त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए। सम्मेलन के दौरान एसएसपी ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले 56 पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
एसएसपी ने सभी को अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पण और निष्पक्षता से कार्य करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पुलिस बल की मजबूती और जनता का विश्वास, कर्मियों की कार्यकुशलता और अनुशासन पर आधारित होता है।
सम्मानित किए गए पुलिसकर्मियों में देहरादून जनपद के विभिन्न थानों और इकाइयों के अधिकारी एवं जवान शामिल रहे। इनमें कोतवाली, डालनवाला, पटेलनगर, डोईवाला, रायपुर, रानीपोखरी, विकासनगर, कालसी, प्रेमनगर, एसओजी, सीसीटीएनएस, एनआईयू और दूरसंचार इकाई के अधिकारी शामिल हैं।

इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों को एसएसपी ने निर्देश दिए कि कर्मियों की सभी व्यावसायिक और व्यक्तिगत समस्याओं को समयबद्ध तरीके से निस्तारित किया जाए ताकि वे मनोबल और प्रेरणा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकें।
सम्मेलन के अंत में एसएसपी ने सभी सम्मानित पुलिसकर्मियों को सतत उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं और कहा कि उनकी मेहनत, अनुशासन और जनसेवा की भावना पुलिस विभाग के लिए गर्व की बात है।

Recent Comments