देहरादून। जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार कार्यक्रम के अंतर्गत न्याय पंचायत थानो में गुरुवार को जिला प्रशासन द्वारा बहुउद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। राजकीय इंटर कॉलेज थानो में आयोजित इस शिविर की अध्यक्षता उपजिलाधिकारी अपर्णा ढौंडियाल ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला तथा दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री मधु भट्ट उपस्थित रहीं। शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान के लिए विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए गए और कुल 65 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
उपजिलाधिकारी अपर्णा ढौंडियाल ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं का शीघ्र समाधान ही गांवों के समग्र विकास की आधारशिला है। उन्होंने कहा कि जनता की शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारने की जिम्मेदारी सभी विभागों की है।
शिविर में कृषि विभाग द्वारा 80 प्रतिशत अनुदान पर एक आटा चक्की एवं दो पावर फीडर वितरित किए गए, वहीं महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से पाँच महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट प्रदान की गई। स्वास्थ्य विभाग द्वारा एलोपैथिक पद्धति से 437 तथा होम्योपैथिक पद्धति से 60 ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच कर निःशुल्क दवाइयों का वितरण किया गया।

इस दौरान थानो के साथ-साथ कोटी मेहचक, लडवाकोट, सिंधवाल गांव, सनगांव, धारकोट एवं भडेरना गांवों से आए ग्रामीणों ने भूमि, सड़क, पेयजल, पेंशन, विद्युत सहित विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं दर्ज कराईं। शिविर में कृषि, उद्यान, डेयरी, पशुपालन, सहकारिता, समाज कल्याण, पंचायती राज, सेवायोजन, विद्युत, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति सहित अनेक विभागों के माध्यम से कुल 808 लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
दर्जा प्राप्त राज्य मंत्री मधु भट्ट ने शिविर को ग्रामीण सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि सरकार की मंशा है कि योजनाओं का लाभ सीधे अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। विधायक बृजभूषण गैरोला ने भी प्रशासन के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के शिविरों से जनता और सरकार के बीच की दूरी कम होती है।

शिविर में जिला पंचायत सदस्य मीना मनवाल, ज्येष्ठ प्रमुख संजय सिंधवाल, थानो प्रधान चंद्रप्रकाश तिवाड़ी, कोटी मेहचक की प्रधान शिवानी, लडवाकोट की प्रधान शिवानी कंडारी, सिंधवाल गांव की प्रधान तान्या पंवार, सनगांव की प्रधान हेमंती रावत, धारकोट की प्रधान पूजा तथा भडेरना की प्रधान शीला सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

Recent Comments