सीएम ने डे ऑफिसर को संबंधित अधिकारियों के साथ तत्काल बैठक के दिए निर्देश
देहरादून: जन संघर्ष मोर्चा के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी के नेतृत्व में गए इस प्रतिनिधिमंडल ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय में वृद्धि और सेवानिवृत्ति पर लाभ सहित अन्य मुद्दों को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन सौंपा।
मुख्यमंत्री धामी ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए डे ऑफिसर/डिप्टी सेक्रेट्री जे.पी. मैखुरी को तत्काल संबंधित अधिकारियों के साथ मुख्यमंत्री की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए।
नेगी ने बताया कि वर्तमान में आंगनवाड़ी वर्कर्स को करीब 9,000 रुपए प्रतिमाह मानदेय मिल रहा है, जो उनके काम के हिसाब से अपर्याप्त है। उन्होंने कहा कि इस मानदेय से ही कार्यकर्ताओं को स्टेशनरी और बच्चों में वितरित होने वाला सामान अपने-अपने केंद्र तक लाने-ले जाने का किराया खुद वहन करना पड़ता है।

मोर्चा ने सरकार से मांग की है कि राज्य स्तर से मानदेय में 140 रुपए प्रतिदिन की वृद्धि की जाए। साथ ही केंद्र सरकार से डेढ़ सौ रुपए प्रतिदिन की वृद्धि का प्रस्ताव भेजना उचित होगा। वहीं सेवानिवृत्ति पर 10 लाख रुपए का शासनादेश जारी होने के बाद ही कार्यकर्ताओं के खाते से 300 रुपए प्रतिमाह की कटौती का प्रस्ताव भी उनके हित में बताया।
मोर्चा को विश्वास है कि सरकार जल्द ही इन कार्यकर्ताओं के हितों में सकारात्मक निर्णय लेगी। प्रतिनिधिमंडल में भीम सिंह बिष्ट और ब्लॉक मीडिया प्रभारी अतुल हांडा भी मौजूद थे।

Recent Comments