
यरुशलम ,08 सितंबर । इजरायल की राजधानी यरुशलम में सोमवार को एक प्रमुख चौराहे पर हुई गोलीबारी की घटना से सनसनी फैल गई। शहर के उत्तरी प्रवेश द्वार पर हुई इस अंधाधुंध फायरिंग में 4 लोगों की मौत हो गई और 15 अन्य घायल हो गए। सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए दोनों हमलावरों को मौके पर ही मार गिराया।
इजरायली पुलिस और मेडिकल सर्विस ‘मेगन डेविड एडोमÓ ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि घायलों में से छह लोगों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है। यह हमला यरुशलम के एक व्यस्त चौराहे पर उस समय हुआ, जब वहां भारी ट्रैफिक था। यह सड़क पूर्वी यरुशलम में स्थित यहूदी बस्तियों की ओर जाती है, जो इसे एक बेहद संवेदनशील इलाका बनाती है।
पुलिस के अनुसार, हमलावरों ने अचानक वाहनों और लोगों पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं, जिससे अफरा-तफरी मच गई। गोलीबारी शुरू होने के तुरंत बाद ही सुरक्षाबलों ने मोर्चा संभाला और दोनों हमलावरों को ढेर कर दिया। घटना के बाद इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

Recent Comments