

हरिद्वार में हुई विस्तृत पुलिस ब्रीफिंग, ADG वी. मुरूगेशन बोले- कांवड़ मेला 2026 को सकुशल संपन्न कराना हर जवान की जिम्मेदारी
हरिद्वार। कांवड़ महायात्रा 2026 के सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर पुलिस लाइन रोशनाबाद स्थित बहुउद्देशीय भवन में एडीजी अपराध एवं कानून व्यवस्था वी. मुरूगेशन की अध्यक्षता में एक विस्तृत ब्रीफिंग आयोजित की गई, जिसमें मेले में तैनात पुलिस व प्रशासनिक अधिकारियों-कर्मचारियों को संयुक्त रूप से जिम्मेदारियों की जानकारी दी गई। इस अवसर पर निदेशक यातायात के.के.वी.के., आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, आईजी एसटीएफ नीलेश भरणे, आईजी संचार विम्मी सचदेवा, आयुक्त गढ़वाल आनंद स्वरूप, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित एवं एसएसपी नवनीत सिंह मौजूद रहे। कुमाऊं व गढ़वाल परिक्षेत्र से आई फोर्स सहित पीएसी, आईआरबी, होमगार्ड, पीआरडी, वनविभाग तथा केंद्रीय अर्धसैनिक बल की टीमें भी ब्रीफिंग में शामिल हुईं।
मेला क्षेत्र को सुरक्षा दृष्टि से 18 सुपर जोन, 40 जोन और 141 सेक्टर में बांटा गया है। सुपर जोन की जिम्मेदारी एएसपी स्तर, जोन की जिम्मेदारी सीओ/इंस्पेक्टर तथा सेक्टर की जिम्मेदारी एसएचओ/एसओ/एसएसआई स्तर के अधिकारियों को सौंपी गई है। एसपी सिटी को कांवड़ मेले का नोडल अधिकारी बनाया गया है जबकि ग्रामीण क्षेत्र की जिम्मेदारी एसपी देहात संभालेंगे। यातायात प्रबंधन एवं डायवर्जन प्लान की जिम्मेदारी एसपी क्राइम/ट्रैफिक निशा यादव को दी गई है। मेला क्षेत्र में बीडीएस/डॉग स्क्वॉड की चार टीमें राउंड द क्लॉक सक्रिय रहेंगी।
ब्रीफिंग में एडीजी लॉ एंड ऑर्डर ने पिछली कांवड़ यात्रा व चारधाम यात्रा के दौरान उमड़ी भीड़ का हवाला देते हुए जवानों को पूर्ण मनोयोग से ड्यूटी करने के लिए प्रोत्साहित किया और अफवाह रोकने, घटना पर तुरंत अधिकारियों को सूचित करने तथा सतर्क रहने के निर्देश दिए। आईजी गढ़वाल ने असामाजिक तत्वों, धार्मिक भावनाएं भड़काने वाली गतिविधियों और सोशल मीडिया पर छोटी घटनाओं को बड़ा रूप दिए जाने जैसे मामलों पर सतर्क रहने को कहा तथा भीड़ नियंत्रण व 24 घंटे यातायात मॉनिटरिंग पर बल दिया। आईजी एसटीएफ नीलेश भरणे ने वाहनों की निर्धारित पार्किंग में ही पार्किंग सुनिश्चित करने और हरकी पैड़ी पर पुख्ता सुरक्षा इंतजाम के निर्देश दिए।
गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने कहा कि छोटी समस्या को नजरअंदाज न करते हुए तुरंत समाधान सुनिश्चित किया जाए, विशेषकर एआई युग में किसी भी घटना के दुष्प्रचार की आशंका को देखते हुए सतर्कता जरूरी है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सुपर जोनल, जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों को क्षेत्रों का निरीक्षण करने, पेयजल-शौचालय-विद्युत जैसी बुनियादी सुविधाएं दुरुस्त रखने, खाद्य सुरक्षा विभाग को ओवर-रेटिंग रोकने हेतु रेट लिस्ट चस्पा कराने तथा आपदा प्रबंधन विभाग को भारी बारिश की स्थिति में त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।
एसएसपी नवनीत सिंह ने बताया कि मानसून के दौरान सभी पुलिसकर्मी डंडे के साथ टॉर्च व रेनकोट भी रखें और डिहाइड्रेशन से बचने के लिए ORS व नींबू का प्रयोग करें। उन्होंने कहा कि रात में कोई कांवड़िया सड़क पर सोता न मिले, पैदल कांवड़ियों को मुख्य मार्ग की बजाय नहर पटरी मार्ग से भेजा जाए और डायवर्जन प्वाइंट पर कोई लापरवाही न हो। कंट्रोल रूम से मेले की 24 घंटे निगरानी होगी और ड्यूटीरत कर्मचारियों को प्रतिदिन ताजा भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। ब्रीफिंग के अंत में एसएसपी हरिद्वार ने सभी उच्चाधिकारियों का आभार व्यक्त किया।
ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल के लिए 12-12 घंटे की दो पारियों में ड्यूटी तय की गई है। निर्देशों में हरकी पैड़ी जीरो जोन में अधिकारियों के निजी व सरकारी वाहन ले जाने पर रोक, संदिग्ध वाहन-व्यक्ति की अनिवार्य चेकिंग, पैदल कांवड़ मार्ग से मांस की दुकानें हटवाने और पुलों से नदी में छलांग लगाने वालों को रोकने जैसे निर्देश शामिल हैं।
मेले में सुरक्षा हेतु अपर पुलिस अधीक्षक 21, पुलिस उपाधीक्षक 39, निरीक्षक/थानाध्यक्ष 48 सहित कुल 6000 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा पीएसी/आईआरबी/फ्लड दल की 10 कंपनियां, केंद्रीय अर्धसैनिक बल की 13 कंपनियां, घुड़सवार पुलिस की 4 टीमें, बीडीएस/स्वान दल की 9 टीमें, जल पुलिस की 5 टीमें (19 गोताखोर), एसडीआरएफ की 4 टीमें, होमगार्ड के 700 तथा पीआरडी के 350 जवान भी तैनात रहेंगे। संपूर्ण मेला क्षेत्र की निगरानी 10 ड्रोन कैमरों व सीसीटीवी मॉनिटरिंग सेल के माध्यम से की जाएगी।

Recent Comments