
भाजपा मुख्यालय में अंतिम दर्शन, पूरे उत्तराखंड में शोक की लहर
देहरादून/हरिद्वार। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवन चंद्र ‘बीसी’ खंडूड़ी को आज हरिद्वार के खड़खड़ी घाट पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी जाएगी। उनका अंतिम संस्कार दोपहर 12 बजे हरिद्वार में होगा। इससे पहले देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश मुख्यालय में सुबह अंतिम दर्शन के लिए उनके पार्थिव शरीर को रखा गया, जहां मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सांसदों, विधायकों और बड़ी संख्या में समर्थकों ने उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
पूर्व मुख्यमंत्री बीसी खंडूड़ी का सोमवार सुबह 91 वर्ष की आयु में देहरादून के मैक्स अस्पताल में निधन हो गया। वह पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। उनके निधन की खबर मिलते ही पूरे उत्तराखंड में शोक की लहर दौड़ गई। राजनीति, प्रशासन, सेना और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके योगदान को याद किया।
राज्य सरकार ने उनके निधन पर तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है। अंत्येष्टि के दिन प्रदेश के सभी सरकारी कार्यालयों और शिक्षण संस्थानों में अवकाश रखा गया है। साथ ही सरकारी भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका रहेगा।
भाजपा मुख्यालय से सुबह 11 बजे उनकी अंतिम यात्रा हरिद्वार के लिए रवाना हुई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वयं पार्थिव शरीर को कंधा देकर उन्हें भावभीनी विदाई दी। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, समर्थक और आमजन शामिल हुए।
इधर, भारत के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन भी देहरादून पहुंचे और पूर्व मुख्यमंत्री बीसी खंडूड़ी के आवास पर पहुंचकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उपराष्ट्रपति ने कहा कि बीसी खंडूड़ी एक उत्कृष्ट सैनिक, कुशल प्रशासक और दूरदर्शी नेता थे, जिन्होंने अपना पूरा जीवन राष्ट्रसेवा को समर्पित किया। उन्होंने देश के सड़क एवं आधारभूत ढांचे को मजबूत करने में ऐतिहासिक योगदान दिया, जिसे हमेशा याद रखा जाएगा।
मेजर जनरल बीसी खंडूड़ी का राजनीतिक और सार्वजनिक जीवन सादगी, ईमानदारी और अनुशासन की मिसाल माना जाता रहा। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री और केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री के रूप में उनके कार्यकाल को आज भी विकास और सुशासन के लिए याद किया जाता है।

Recent Comments