8 गोल्ड के साथ आयुध निर्माणी देहरादून बना चैंपियन

दो दिवसीय इंटर यूनिट एथलेटिक्स मीट का शानदार समापन, खिलाड़ियों के दमखम और टीम भावना की दिखी मिसाल

देहरादून। इंडिया ऑप्टेल लिमिटेड (IOL) रायपुर, देहरादून में आयोजित दो दिवसीय 1st IOL Inter Unit Athletic Meet 2026 का शानदार समापन उत्साह, ऊर्जा और खेल भावना के माहौल में हुआ। प्रतियोगिता में आयुध निर्माणी देहरादून (OFD) ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए 8 गोल्ड, 7 सिल्वर और 4 ब्रॉन्ज मेडल सहित कुल 19 पदक जीतकर तालिका में पहला स्थान हासिल किया। वहीं ओएलएफ (OLF) ने 7 गोल्ड, 7 सिल्वर और 11 ब्रॉन्ज सहित कुल 25 पदक प्राप्त कर दूसरा स्थान हासिल किया।

प्रतियोगिता में विभिन्न इकाइयों के खिलाड़ियों ने दौड़, शॉटपुट, जैवलिन थ्रो, लॉन्ग जंप सहित कई स्पर्धाओं में शानदार प्रदर्शन कर खेल प्रतिभा का परिचय दिया। पुरुष, महिला, वरिष्ठ वर्ग और दिव्यांग कर्मचारियों की भागीदारी ने आयोजन को और भी विशेष बना दिया।

प्रधान इम्प्लॉइज यूनियन नीरज शर्मा ने इस उपलब्धि पर आयुध निर्माणी देहरादून के सभी खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और विजेता प्रतिभागियों को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और टीम भावना का परिणाम है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाली कार्य समिति, यूनियन पदाधिकारियों, प्रबंधन, कैंटीन कमेटी, कांटेक्ट लेबर्स तथा प्रत्यक्ष एवं परोक्ष रूप से जुड़े सभी साथियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी ने पूरी लगन और सत्यनिष्ठा के साथ जिम्मेदारियों का निर्वहन कर इस आयोजन को सफल बनाया।

कार्य समिति के सचिव संजीव मवाल ने भी आयोजन की सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि दो दिन तक चले इस एथलेटिक मीट को सफल बनाने में सभी समितियों, यूनियन प्रतिनिधियों, प्रबंधन और कर्मचारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने विशेष रूप से ओएलएफ से सेवानिवृत्त विजय रावत तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर के रेफरी कलसी जी के सहयोग की सराहना की, जिनके मार्गदर्शन से प्रतियोगिता सफलतापूर्वक संपन्न हो सकी। उन्होंने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों का धन्यवाद देते हुए पदक विजेताओं को बधाई दी।

इसी अवसर पर अपने-अपने क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले वरिष्ठ साथियों लेखराज गुरुंग एवं  के.जे. कलसी को कार्यसमिति आयुध निर्माणी देहरादून की ओर से लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यसमिति ने दोनों सम्मानित साथियों को हार्दिक बधाई देते हुए उनके योगदान को प्रेरणादायी बताया।सम्मान प्राप्त करते हुए लेखराज गुरुंग भावुक नजर आए। उन्होंने मुख्य महाप्रबंधक, वरिष्ठ अधिकारियों, खेलकूद समिति, कार्य समिति, यूनियन एवं पूरे निर्माणी परिवार का हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उनके जीवन की अविस्मरणीय स्मृतियों में सदैव जीवंत रहेगा।

समापन अवसर पर कार्य समिति की ओर से सभी सहयोगी साथियों ,IOL प्रधान कार्यालय, GM OFD/OLF /OFCD , यूनियन पदाधिकारियों एवं आयोजन से जुड़े प्रत्येक सदस्य के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया गया। समिति ने कहा कि सभी के उत्साहवर्धन, सहयोग और समर्पण के कारण यह खेल समारोह बेहद शानदार और सफल बन पाया। प्रत्यक्ष एवं परोक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी साथियों की भूमिका सराहनीय रही। कार्य समिति ने विश्वास जताया कि भविष्य में आयोजित होने वाली सामाजिक, सांस्कृतिक एवं खेलकूद प्रतियोगिताओं को भी इसी टीम भावना और ऊर्जा के साथ और बेहतर तरीके से संपन्न कराया जाएगा।

दो दिवसीय इस प्रतियोगिता ने न केवल खिलाड़ियों की प्रतिभा को मंच दिया, बल्कि कर्मचारियों के बीच आपसी समन्वय, अनुशासन और टीम भावना को भी मजबूत करने का कार्य किया। आयोजन के सफल समापन के बाद पूरे निर्माणी परिसर में उत्साह और गर्व का माहौल देखने को मिला।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments