‘ऑपरेशन प्रहार’ में बड़ी सफलता: एक साल पुरानी हत्या का खुलासा, कुख्यात सुपारी किलर जैकी गिरफ्तार

देहरादून। दून पुलिस ने ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक वर्ष पूर्व राजपुर क्षेत्र में हुई सनसनीखेज हत्या का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुख्यात शार्प शूटर और सुपारी किलर राजन उर्फ जैकी को गिरफ्तार किया है, जिस पर हत्या, लूट, रंगदारी समेत दो दर्जन से अधिक संगीन मुकदमे दर्ज हैं।

एसएसपी देहरादून के नेतृत्व में की गई कार्रवाई में सामने आया कि यह हत्या किसी बाहरी रंजिश का नहीं बल्कि संपत्ति विवाद का परिणाम थी। मृतक अजय बटेजा के सौतेले भाई अमित बटेजा ने ही प्रॉपर्टी हड़पने के लालच में सुपारी देकर अपने भाई की हत्या करवाई थी।

घटना 26 मई 2025 की है, जब जाखन स्थित कृष्णा विहार में अजय बटेजा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। मामले में थाना राजपुर में हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने मोबाइल सर्विलांस, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से पूरे मामले की परतें खोलते हुए मुख्य आरोपी जैकी तक पहुंच बनाई।

पुलिस ने 19 मई 2026 को मुजफ्फरनगर के खालापार क्षेत्र से आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने हत्या की पूरी साजिश कबूल कर ली। खुलासे में सामने आया कि आरोपी ने अपनी प्रेमिका हुमेरा उर्फ जोया के साथ मिलकर सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस के अनुसार, 25 मई 2025 को सहारनपुर में बैठकर हत्या की साजिश रची गई। योजना के तहत आरोपी अपने साथियों के साथ देहरादून पहुंचा और रात में अजय बटेजा के घर रुका। मौके का फायदा उठाते हुए उसने पहले अजय को शराब पिलाई और फिर तकिये से मुंह दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या को आत्महत्या दिखाने के लिए शव को पंखे से लटकाने की कोशिश भी की गई, लेकिन असफल रहने पर आरोपी मौके से फरार हो गया और जाते समय सीसीटीवी की डीवीआर भी साथ ले गया।

जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी को हत्या के बदले जाखन स्थित संपत्ति में आधा हिस्सा देने और एक अन्य आपराधिक मामले में बचाने का लालच दिया गया था।

गिरफ्तार आरोपी जैकी सहारनपुर का हिस्ट्रीशीटर है और उस पर गैंगस्टर, गुंडा एक्ट, लूट, हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर धाराओं में करीब दो दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने मामले में धारा 61(2) और 238 बीएनएस की बढ़ोतरी करते हुए उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया है।

इस मामले में अमित बटेजा और हुमेरा उर्फ जोया अभी फरार हैं, जिनकी तलाश में पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

घटना का खुलासा करने वाली पुलिस टीम को आईजी गढ़वाल रेंज द्वारा 5 हजार रुपये और एसएसपी देहरादून द्वारा 2500 रुपये के नकद पुरस्कार की घोषणा की गई है।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments