
लखनऊ 17 अप्रैल (आरएनएस )। बहुजन समाज पार्टी प्रमुख मायावती ने समाजवादी पार्टी पर तीखा हमला बोलते हुए आरोप लगाया है कि सपा भी अन्य पार्टियों की तरह दलितों को आगे करके तनाव और हिंसा का माहौल बनाने में लगी है। उन्होंने कहा कि सपा नेताओं की विवादित बयानबाज़ी, आरोप-प्रत्यारोप और राजनीतिक कार्यक्रम संकीर्ण स्वार्थ की राजनीति का हिस्सा हैं।मायावती ने कहा कि सपा दलितों के वोट के स्वार्थ में किसी भी हद तक जा सकती है। उन्होंने दलितों के साथ-साथ पिछड़े वर्गों और मुस्लिम समाज से अपील की कि वे सपा के उकसावे में न आएं और इसके राजनीतिक हथकंडों से खुद को बचाएं।बसपा सुप्रीमो ने समाजवादी पार्टी से जुड़े उन दलित नेताओं को भी आड़े हाथों लिया जो, उनके अनुसार, दूसरों के इतिहास पर टिप्पणी करने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों को अपने समाज के संतों, गुरुओं और महापुरुषों की अच्छाइयों और संघर्षों की चर्चा करनी चाहिए, क्योंकि उन्हीं के कारण आज वे लोग किसी योग्य बन पाए हैं।मायावती के ये बयान ऐसे वक्त पर आए हैं जब उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव की सरगर्मी तेज़ है और सभी पार्टियां दलित वोटों को अपने पक्ष में करने की कोशिश में जुटी हैं।

Recent Comments