
हरिद्वार। मेलाधिकारी सोनिका ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अधिकारियों के साथ बैठक कर कुंभ क्षेत्र में चल रही सभी एनएच परियोजनाओं को तय समयसीमा में पूरा करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए कहा कि काम में तेजी लाने के लिए संसाधन और वाहन बढ़ाए जाएं।
एचआरडीए सभागार में हुई समीक्षा बैठक में हरिद्वार बाईपास-रिंग रोड, दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के हरिद्वार स्पर, हरिद्वार-नगीना मार्ग और प्रमुख चौराहों के सुधार कार्यों की प्रगति देखी गई। मेलाधिकारी ने कहा कि निर्माण कार्यों के कारण हरिद्वार को जोड़ने वाली सड़कों पर जाम लग रहा है और यातायात बाधित हो रहा है। उन्होंने एनएचएआई के परियोजना निदेशकों को व्यक्तिगत निगरानी कर काम जल्द पूरा कराने को कहा।
आगामी कांवड़ यात्रा और कुंभ मेले को देखते हुए मेलाधिकारी ने जगजीतपुर और बहादराबाद क्षेत्र के एनएच कार्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता पर पूरा करने पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यो की वजह से कांवड़ यात्रा या कुंभ मेले में कोई बाधा नहीं आनी चाहिए। अधिकारियों को देरी या लापरवाही न बरतने की हिदायत दी गई।
मेलाधिकारी ने सभी राजमार्गों पर सुरक्षा प्रबंधन, दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुधार, सौंदर्यीकरण, हरित आवरण और पैदल यात्रियों की सुविधा के इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि कांवड़ यात्रा मार्गों पर सुरक्षा और निर्बाध यातायात के सभी इंतजाम समय पर पूरे हों। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्माण कार्यों के कारण यात्रा में अव्यवस्था हुई तो संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय कर कार्रवाई होगी।
बैठक में एसएसपी कुंभ आयुष अग्रवाल, प्रभागीय वनाधिकारी स्वप्निल अनिरुद्ध, एसपी ट्रैफिक निशा यादव, अपर मेलाधिकारी दयानंद सरस्वती, सचिव एचआरडीए प्रत्यूष सिंह, उप मेलाधिकारी आकाश जोशी, मनजीत सिंह, लोनिवि के अधीक्षण अभियंता डी.के. सिंह, सीओ ट्रैफिक बिपेंदर सिंह, परियोजना निदेशक एनएचएआई रुड़की विशाल गोयल, संतोष सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Recent Comments