हल्द्वानी(आरएनएस)। उत्तराखंड की राजनीति में खनन राजस्व को लेकर चल रही बहस में कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत भी कूद पड़े हैं। मंगलवार को प्रेस को जारी बयान में विधायक भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार ने खनन विभाग के माध्यम से राजस्व लक्ष्य की प्राप्ति में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है। खनन विभाग के समक्ष रखे गए 875 करोड़ के लक्ष्य के सापेक्ष 1025 करोड़ का राजस्व एकत्र किया गया है। विधायक भगत ने कहा कि राज्य गठन के बाद पहली बार खनन से इतना राजस्व अर्जित किया गया है। वित्तीय वर्ष में इस राशि के 1100 करोड़ पार पहुंचने की संभावना है। उन्होंने कहा कि धामी सरकार ने खनन नीतियों में आवश्यक संशोधन कर पारदर्शिता को प्राथमिकता दी है। खनन कार्यों में ई-नीलामी प्रणाली को अपनाने से न केवल भ्रष्टाचार पर अंकुश लगा है, बल्कि प्रतिस्पर्धा बढ़ने से राजस्व में भी वृद्धि हुई है। उन्होंने हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत द्वारा संसद में उत्तराखंड में खनन कार्यों को लेकर दिए बयान को तोड़ मरोड़ कर राज्य की जनता के सामने पेश करने का आरोप लगाया।

Recent Comments