बदरी-केदार पहुंचे मुकेश अंबानी, तीर्थ विकास के लिए मंदिर समिति को 10 करोड़ का योगदान

सोमवती अमावस्या पर किए भगवान बदरीविशाल के दर्शन, केदारनाथ में भी की विशेष पूजा-अर्चना

चमोली। देश के प्रतिष्ठित उद्योगपति और रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने सोमवार को अपनी उत्तराखंड यात्रा के दौरान बदरीनाथ धाम पहुंचकर भगवान बदरीविशाल के दर्शन किए। सोमवती अमावस्या के अवसर पर उन्होंने मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना कर राष्ट्र की समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की।

धाम पहुंचने पर बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अधिकारियों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उनका स्वागत किया। दर्शन के बाद अंबानी ने मंदिर समिति को 10 करोड़ रुपये की सहायता राशि प्रदान की। माना जा रहा है कि इस धनराशि का उपयोग तीर्थयात्रियों की सुविधाओं के विस्तार तथा मंदिर प्रबंधन से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने में किया जाएगा।

बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी सोहन सिंह राणा के अनुसार मुकेश अंबानी सुबह लगभग सवा नौ बजे बदरीनाथ धाम पहुंचे। उनके साथ परिवार के सदस्य और कुछ करीबी सहयोगी भी मौजूद थे। मंदिर में पूजा-अर्चना के पश्चात वे केदारनाथ धाम के लिए रवाना हो गए, जहां उन्होंने बाबा केदार के दर्शन कर देशवासियों के सुख-समृद्धि की कामना की।

मुकेश अंबानी की बदरीनाथ और केदारनाथ धाम के प्रति गहरी आस्था रही है। वे लगभग हर वर्ष चारधाम यात्रा के दौरान इन दोनों प्रमुख तीर्थस्थलों में पहुंचकर दर्शन करते हैं तथा धार्मिक और सामाजिक गतिविधियों के लिए सहयोग भी प्रदान करते हैं।

इस बीच चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बना हुआ है। यात्रा सीजन के दौरान अब तक लाखों श्रद्धालु बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के दर्शन कर चुके हैं। प्रशासन और मंदिर समितियां यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार प्रयासरत हैं।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments