
कुशीनगर, 26 मार्च (आरएनएस)। जनपद के
फाजिलनगर कस्बा स्थित प्राथमिक विद्यालय बड़हिया परिसर में बुधवार को राष्ट्रीय सेवा योजना के सप्त दिवसीय विशेष शिविर में योगाभ्यास कराया गया। इसके पश्चात शिविरार्थियों ने स्वच्छता जागरूकता रैली निकाली। जो शिविर स्थल गड़हियाँ प्राथमिक विद्यालय से होते हुए श्री भगवान महावीर पी.जी. कॉलेज, फाजिलनगर पहुँचा। वहाँ स्वयंसेवकों ने महाविद्यालय परिसर की सघन सफाई की।
सफाई अभियान के बाद सभी शिविरार्थी बौद्धिक सत्र के लिए एकत्र हुए। इस सत्र के मुख्य अतिथि राजन शुक्ला, प्रतिनिधि, जिला पंचायत सदस्य रहे। उन्होंने अपने उद्बोधन में राष्ट्रीय सेवा योजना के अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना समाज सेवा की बुनियादी पाठशाला है। जहाँ युवाओं को नि:स्वार्थ सेवा का पहला पाठ पढऩे को मिलता है। उन्होंने स्वयंसेवकों को समाज सेवा के प्रति जागरूक रहने और अपने अनुभवों को आगे बढ़ाने की प्रेरणा दी। सत्र के विशिष्ट अतिथि फाजिलनगर पी.एन.बी.के शाखा प्रबंधक अमिताभ रंजन ने विद्यार्थियों को शिक्षा ऋण की जानकारी दी और विभिन्न क्षेत्रों में करियर की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। सहायक शाखा प्रबंधक एन.के.मिश्र जिन्होंने भारतीय सेना में भी अपनी सेवाएँ दी हैं, ने अपने अनुभव साझा किए और युवाओं को समाज सेवा के लिए प्रेरित किया।
पूर्व बीडीसी सदस्य दीनानाथ यादव ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना के माध्यम से प्राप्त शिक्षाएँ समाज तक पहुँचनी चाहिए। सत्र में विशेष आमंत्रित वक्ता डा.. विजय पवार ने एन.एस.एस के बैज के रंगों और विद्यार्थियों की ऊर्जा में समानता स्थापित करते हुए लक्ष्य केंद्रित प्रयास करने की प्रेरणा दी। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे प्रो. कृष्णचंद्र चौरसिया ने कहा कि एन.एस.एस. शिविर को एक छोटे ब्रह्मांड के रूप में देखें और सात दिनों के दौरान अपने कार्यों से समाज में नई चेतना जागृत करें। कार्यक्रम अधिकारी डा .सुकेश पांडेय एवं श्रवण कुमार ने अतिथियों का स्वागत किया। डा .सुकेश पांडेय ने आभार व्यक्त किया। जबकि संचालन वरीय कार्यक्रम अधिकारी डॉ. प्रभाकर मिश्र पंकज ने किया।

Recent Comments