
लोकसंस्कृति, सिनेमा और रंगमंच के सितारों का देहरादून में हुआ भव्य सम्मान
देहरादून। उत्तराखंड की लोकसंस्कृति, कला, संगीत, रंगमंच और सिनेमा जगत के लिए मंगलवार की शाम यादगार बन गई, जब देहरादून में आयोजित ‘उफतारा सम्मान–2026’ समारोह में प्रदेशभर के 100 से अधिक कलाकारों और सांस्कृतिक विभूतियों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। उत्तराखंड फिल्म टेलीविजन एंड रेडियो एसोसिएशन (उफतारा) द्वारा आयोजित इस गरिमामय समारोह ने एक बार फिर साबित किया कि पहाड़ की कला और संस्कृति की जड़ें कितनी गहरी हैं।
कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज और संस्कृति विभाग की दर्जाधारी मंत्री मधु भट्ट ने मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहते हुए सम्मानित हस्तियों को ‘उफतारा सम्मान–2026’ प्रदान किया। समारोह में उत्तराखंडी सिनेमा के चार दशकों के सफर, लोकसंस्कृति के संरक्षण और नई पीढ़ी को सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के प्रयासों पर भी सार्थक चर्चा हुई।
सम्मानित होने वालों में The High Hillers Group के वरिष्ठ पूर्व अध्यक्ष खुशहाल सिंह बिष्ट, फिल्म निर्माता-निर्देशक सुशीला रावत, ब्रजमोहन वेदवाल, फिल्म निर्माता-निर्देशक-अभिनेता राकेश गौड़, संयोगिता ध्यानी, मंजू बहुगुणा, पदमेंदर रावत, सुमन गौड़, अजय बिष्ट और फिल्म निर्माता वैभव गोयल सहित अनेक प्रतिष्ठित नाम शामिल रहे।

उफतारा के अध्यक्ष प्रदीप भंडारी और महासचिव कांता प्रसाद ने सभी सम्मानित विभूतियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पहाड़ की सांस्कृतिक धरोहर को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने और कलाकारों को उनका उचित सम्मान दिलाने के लिए संस्था का यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।

Recent Comments