राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में, देहरादून में जुटे कांग्रेस के दिग्गज नेता

देहरादून । लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 17 जुलाई को देहरादून के बन्नू स्कूल मैदान में प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर उत्तराखंड कांग्रेस ने अपनी तैयारियां लगभग पूरी कर ली हैं। कार्यक्रम से एक दिन पहले प्रदेश कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने आयोजन स्थल का विस्तृत निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और इसे युवाओं की आवाज़ को राष्ट्रीय स्तर पर बुलंद करने वाला ऐतिहासिक आयोजन बताया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप, कांग्रेस विधायक दल के उपनेता भुवन कापड़ी, राष्ट्रीय सचिव एवं प्रदेश सह-प्रभारी सुरेंद्र शर्मा और मनोज यादव सहित अनेक वरिष्ठ नेताओं ने बन्नू स्कूल मैदान पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया। इस दौरान देहरादून कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष लालचंद शर्मा, पूर्व विधायक राजकुमार, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के सलाहकार सरदार अमरजीत सिंह, प्रदेश महामंत्री नवीन जोशी समेत कई नेता मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान दिल्ली से पहुंचे राहुल गांधी के करीबी सहयोगी मनोज त्यागी भी व्यवस्थाओं की निगरानी करते दिखाई दिए। बाद में कांग्रेस नेताओं ने प्रदेश कार्यालय में बैठक कर कार्यक्रम की रूपरेखा और संगठनात्मक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की। बैठक में पश्चिम बंगाल कांग्रेस के प्रभारी प्रकाश जोशी तथा हरिद्वार से आए संत ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी भी उपस्थित रहे। इसी अवसर पर प्रदेश सह-प्रभारी सुरेंद्र शर्मा का जन्मदिन भी कांग्रेस नेताओं ने केक काटकर और पुष्पगुच्छ भेंट कर मनाया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि ‘छात्रों की गूंज’ केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि शिक्षा, रोजगार और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई का मजबूत मंच बनेगा। उन्होंने राज्यभर के छात्र-छात्राओं और युवाओं से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर राहुल गांधी के विचार सुनने का आह्वान किया। उनका कहना था कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार पेपर लीक, बढ़ती बेरोजगारी और युवाओं के भविष्य से हो रहे खिलवाड़ के खिलाफ कांग्रेस निर्णायक लड़ाई लड़ेगी।

नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने आरोप लगाया कि पिछले वर्षों में प्रतियोगी परीक्षाओं में हुई अनियमितताओं ने लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित किया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर देशभर के युवाओं की आवाज़ बनने का काम कर रही है और देहरादून का कार्यक्रम उसी अभियान का महत्वपूर्ण पड़ाव होगा।

प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष धीरेंद्र प्रताप ने बताया कि तैयारियों से प्रदेश अध्यक्ष पूरी तरह संतुष्ट हैं और राज्य के सभी जिलों से बड़ी संख्या में युवा कार्यक्रम में पहुंच रहे हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का यह संवाद उत्तराखंड के युवाओं के लिए नई उम्मीद लेकर आएगा।

इस बीच लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कार्यक्रम से पूर्व ‘छात्रों की गूंज’ का आधिकारिक एंथम भी जारी किया। कांग्रेस के अनुसार “बहुत हुआ, चलो युवा, हाथ से हाथ जोड़ के, अन्याय का घड़ा फोड़ के…” जैसे संदेश युवाओं को शिक्षा में समान अवसर, पारदर्शिता और न्याय के लिए एकजुट होने का आह्वान करते हैं। पार्टी ने कहा कि #ShikshaRevolution और #ChhatronKiGoonj देश के युवाओं के संघर्ष और परिवर्तन के प्रतीक बनेंगे।

उधर प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग की ओर से जारी बयान में मीडिया चेयरमैन राजीव महर्षि ने दावा किया कि कार्यक्रम की लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की कथित बाधाओं के बावजूद कांग्रेस ने आयोजन को भव्य बनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। उनके अनुसार प्रदेश के सभी जिलों से छात्र, युवा और कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में देहरादून पहुंच रहे हैं और यह कार्यक्रम राज्य की राजनीति में महत्वपूर्ण संदेश देगा।

कांग्रेस ने प्रदेश के छात्र-छात्राओं, अभिभावकों और आम नागरिकों से अपील की है कि वे 17 जुलाई को बन्नू स्कूल मैदान पहुंचकर शिक्षा, रोजगार और युवाओं के अधिकारों से जुड़े इस अभियान का हिस्सा बनें। पार्टी का दावा है कि यह कार्यक्रम केवल एक सभा नहीं, बल्कि युवाओं के भविष्य और शिक्षा व्यवस्था में बदलाव के संकल्प का प्रतीक बनेगा।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments