

मुख्य अभियंता मौके पर रवाना, जांच रिपोर्ट के आधार पर तय होगी जिम्मेदारी; 24 घंटे में हर बंद सड़क खोलने का लक्ष्य
देहरादून। नंदा की चौकी पर बने नए पुल में धंसाव की खबरों के बीच लोक निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पांडेय ने स्पष्ट किया है कि पुल पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने बताया कि भारी बारिश के चलते पुल की एप्रोच रोड का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है, जिसे युद्ध स्तर पर ठीक करने का काम चल रहा है।
सचिव ने बताया कि बीती रात हुई तेज बारिश के कारण एप्रोच रोड के नीचे से मलबा बह जाने से एक स्थान पर सड़क धंस गई। उन्होंने दोहराया कि नवनिर्मित पुल पूरी तरह सुरक्षित है और एप्रोच रोड की मरम्मत कर जल्द यातायात बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए विभाग के मुख्य अभियंता को मौके पर भेजा गया है, जिन्हें एप्रोच रोड ठीक कराने के साथ-साथ घटना के कारणों का पता लगाने को भी कहा गया है। सचिव ने साफ किया कि जांच रिपोर्ट में यदि किसी अधिकारी या ठेकेदार की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि लगातार बारिश से नदी का बहाव तेज हो गया है, इसलिए बहाव की दिशा बदलने का प्रयास किया जा रहा है और मौके पर सिंचाई विभाग के अधिकारियों को भी तैनात किया गया है। उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में कहीं भी नई बनी सड़क जल्दी टूटने की स्थिति में इसके कारणों की जांच कर जिम्मेदार अधिकारी और ठेकेदार पर कार्रवाई की जाएगी।
सचिव ने बताया कि विभाग बंद सड़कों को खोलने के लिए युद्ध स्तर पर काम कर रहा है और बंद सड़कों की स्थिति विभागीय पोर्टल पर लगातार लाइव अपडेट की जा रही है। विभाग की कोशिश है कि हर बंद सड़क को 24 घंटे के भीतर खोल दिया जाए। उन्होंने यह भी बताया कि देहरादून-मसूरी मार्ग पर एक नए स्थान से बार-बार मलबा आने की समस्या सामने आई है, जहां विभागीय टीम उपकरणों सहित तैनात कर दी गई है।

Recent Comments