

पौड़ी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के राज्य की सड़कों को 15 अक्टूबर तक गड्ढामुक्त करने के निर्देश के क्रम में जिलाधिकारी स्वाति भदौरिया ने जनपद पौड़ी गढ़वाल में सड़क मरम्मत अभियान की शुरुआत कर दी है। बुधवार को कलेक्ट्रेट में आयोजित बैठक में लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई, राष्ट्रीय राजमार्ग और नगर निकायों के अधिकारियों के साथ उन्होंने सड़कवार कार्ययोजना और प्रगति की समीक्षा की।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सड़क मरम्मत का कार्य एक छोर से पूरा किया जाए, ताकि कहीं भी काम अधूरा न रहे। हाल में निर्मित सड़कों में हुई क्षति की मरम्मत संबंधित ठेकेदार से करानी होगी, जबकि पिछले वर्ष अनुमोदित कार्यों को दोबारा पैच मरम्मत में शामिल नहीं किया जाएगा। रिहायशी क्षेत्रों में झाड़ी कटान और नालियों की सफाई कराने के भी निर्देश दिए गए, ताकि जल निकासी व्यवस्था सुचारु रहे।
उन्होंने एडीएम को पूर्ण हुए कार्यों का उपजिलाधिकारी स्तर से निरीक्षण कराने के साथ ही 15 अक्टूबर के बाद अधिशासी अभियंताओं को गड्ढामुक्त होने का प्रमाणपत्र जारी करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि 20 सितंबर से प्रस्तावित अन्य कार्यों की शुरुआत होगी। सभी वार्डों की गलियों में सड़क के गड्ढों को चिन्हित कर मरम्मत करानी होगी। उन्होंने सड़क मरम्मत में गुणवत्ता और समयबद्धता पर विशेष जोर दिया।
बैठक में एडीएम एफ आर चौहान, अधिशासी अभियंता विवेक सेमवाल, रीना नेगी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका पौड़ी संजय कुमार और सहायक अभियंता जी एस तोमर सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।

Recent Comments