देहरादून: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज मुख्यमंत्री आवास में केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) के अध्यक्ष, प्रख्यात लेखक, कवि एवं गीतकार श्री प्रसून जोशी से शिष्टाचार भेंट की।
इस बैठक के दौरान, मुख्यमंत्री धामी ने श्री जोशी के साहित्य एवं सिनेमा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान की सराहना की और कला, संस्कृति, साहित्य एवं सिनेमा से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर महत्वपूर्ण चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत, लोक कला, लोक संगीत और राज्य में फिल्म निर्माण की संभावनाओं पर भी विचार-विमर्श किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार राज्य को फिल्म निर्माण एवं शूटिंग के अनुकूल केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है, इसके लिए आवश्यक नीतिगत सहयोग एवं सुविधाएँ प्रदान की जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड के अध्यक्ष प्रसून जोशी द्वारा किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा करते हुए भविष्य में उत्तराखंड में सिनेमा, साहित्य एवं सांस्कृतिक गतिविधियों के विस्तार हेतु सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की।

Recent Comments