देहरादून। कांग्रेस ने बुधवार को घोषणा की कि वह संविधान और लोकतंत्र को बचाने के अपने अभियान के तहत उत्तराखंड में एक वृहद सम्मेलन आयोजित करेगी। पार्टी का आरोप है कि पिछले ग्यारह सालों से देश के संविधान पर लगातार हमले हो रहे हैं और वर्तमान भाजपा सरकार के क्रियाकलापों से संविधान व लोकतंत्र दोनों खतरे में हैं।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में पत्रकारों को जानकारी देते हुए एआईसीसी सदस्य एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष (संगठन) सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि यह सम्मेलन पार्टी के अनुसूचित जाति विभाग द्वारा आगामी 3 दिसंबर को सुबह 11 बजे से प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित किया जाएगा। इसका संयोजन प्रदेश अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष मदन लाल कर रहे हैं।
धस्माना ने बताया कि इस कार्यक्रम में कांग्रेस के कई राष्ट्रीय नेता शिरकत करेंगे। इनमें सीडब्लूसी सदस्य सरदार गुरदीप सिंह सप्पल, कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय प्रभारी के. राजू और राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम प्रमुख हैं।
सम्मेलन में पार्टी के प्रदेश स्तर के तमाम बड़े नेता भी हिस्सा लेंगे। इनमें विभाग के प्रदेश प्रभारी सुखविंदर सिंह कोटली, पार्टी के प्रदेश सह-प्रभारी सुरेंद्र शर्मा, पीसीसी अध्यक्ष गणेश गोदियाल, सीडब्लूसी सदस्य करण माहरा, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह और चुनाव प्रबंधन समिति अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत शामिल हैं।
धस्माना ने कहा कि इस सम्मेलन में प्रदेश भर से कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में जुटेंगे। उन्होंने जोर देकर कहा, “कांग्रेस का हर एक कार्यकर्ता संविधान और लोकतंत्र को बचाने के लिए बड़े से बड़ा बलिदान देने को तैयार है।”
धस्माना ने यह भी स्पष्ट किया कि इस सम्मेलन के बाद पार्टी एक प्रदेशव्यापी जन जागरण अभियान चलाकर भाजपा की साजिशों का पर्दाफाश करेगी। इस आयोजन को कांग्रेस की ओर से सत्ता पक्ष के खिलाफ जारी राजनीतिक मुहिम का एक बड़ा हिस्सा बताया जा रहा है।

Recent Comments