दिनदहाड़े खेत में महिला को निवाला बनाने वाले गुलदार को शूटर जॉय हुकिल ने मार गिराया

पहले झपट्टा, फिर खंडहर में शव नोचा – ग्रामीणों के शोर-पत्थरों ने भगाया, वन टीम पर भी हमले की कोशिश

पौड़ी गढ़वाल। पौड़ी जिले के कोट क्षेत्र के वाडि गांव में मंगलवार को एक आदमखोर गुलदार ने 55 वर्षीय महिला प्रभा देवी पत्नी मातबर सिंह पर दिनदहाड़े हमला कर उनकी जान ले ली, जिसके बाद वन विभाग और शूटर जॉय हुकिल ने संयुक्त अभियान चलाकर उसी दिन इस आक्रामक गुलदार को मार गिराया।

महिला दोपहर करीब डेढ़ बजे अपने मवेशियों के लिए घास काटने खेतों में गई हुई थीं, तभी गुलदार ने अचानक झपट्टा मारकर उन्हें दबोच लिया और करीब 400 मीटर दूर पहाड़ी पर स्थित एक सुनसान खंडहर में ले गया। काफी देर तक घर न लौटने पर जब पति मातबर सिंह उन्हें खोजने खेतों की ओर पहुंचे तो वहां खून के धब्बे और फटे हुए कपड़े बिखरे मिले। ग्रामीणों की मदद से तलाश शुरू की गई और खून के निशानों का पीछा करते हुए जब लोग खंडहर तक पहुंचे तो दृश्य बेहद भयावह था – गुलदार महिला के शव को नोच रहा था। ग्रामीणों ने शोर मचाकर और पत्थर फेंककर गुलदार को भगा तो दिया, लेकिन तब तक प्रभा देवी की मौत हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई, और ग्रामीणों के आक्रोश के बीच शूटर जॉय हुकिल को बुलाकर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। इस दौरान गुलदार अचानक वन विभाग की टीम पर ही झपट पड़ा, जिससे कर्मियों की जान को गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया। त्वरित स्थिति को भांपते हुए शूटर जॉय हुकिल ने फायर कर दिया और गोली लगते ही गुलदार मौके पर ढेर हो गया। बताया जा रहा है कि यह हुकिल का 50वां शिकार है।

गुलदार के मारे जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली, लेकिन साथ ही वन विभाग पर नाराजगी भी जताई। ग्रामीणों का कहना था कि क्षेत्र में लंबे समय से गुलदार का आतंक बना हुआ था और कुछ दिन पहले एक मादा गुलदार अपने दो शावकों के साथ देखी गई थी, लेकिन समय रहते विभाग ने कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की।

घटनास्थल पर बैठी ग्रामीण महिलाओं ने प्रशासन के सामने सिस्टम को खूब खरी-खोटी सुनाई और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने के साथ ही संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित गश्त व निगरानी बढ़ाने की मांग की। पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Static 1 Static 1
ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments