
पौड़ी गढ़वाल। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर 1 जुलाई 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम SIR-2026 को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सूचना विभाग के 22 सांस्कृतिक दल जिले भर में सक्रिय हैं। नुक्कड़ नाटकों, लोकगीतों और रोचक प्रस्तुतियों के जरिए मतदाताओं को सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया समझाई जा रही है।
दलों द्वारा मतदाता सूची में नाम जोड़ने, त्रुटि सुधार, मृत या स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाने और नए पात्र नागरिकों के पंजीकरण की जानकारी दी जा रही है। साथ ही लोकतंत्र मजबूत करने के लिए हर पात्र नागरिक से अभियान में भागीदारी की अपील की जा रही है।
8 जून से 7 जुलाई तक बीएलओ घर-घर जाकर गणना प्रपत्र वितरित कर रहे हैं। इस चरण में मतदाताओं से कोई दस्तावेज नहीं लिए जाएंगे। सांस्कृतिक दलों ने नागरिकों से प्रपत्र सही भरकर समय पर बीएलओ को देने की अपील की, ताकि कोई पात्र मतदाता वंचित न रहे।
जिला निर्वाचन अधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने बताया कि 14 जुलाई को प्रारूप निर्वाचक नामावली का प्रकाशन और 15 सितंबर को अंतिम सूची जारी होगी। उन्होंने जनपदवासियों से बीएलओ को समय पर जानकारी देकर मतदाता सूची को सुदृढ़ बनाने में सहयोग मांगा।

Recent Comments