देहरादून । जनपद देहरादून का कार्यभार संभालते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) ने अपनी पहली बैठक में ही कड़े तेवर दिखाए। मीडिया सेल द्वारा जारी प्रेस नोट के अनुसार, एसएसपी ने जनपद के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना व शाखा प्रभारियों के साथ गोष्ठी कर स्पष्ट निर्देश दिए कि ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मी शत-प्रतिशत प्रयास करते हुए पूर्ण कार्यक्षमता के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
बैठक में एसएसपी ने जोर देकर कहा कि पूरे जनपद में दिन-रात प्रभावी चेकिंग सुनिश्चित की जाए और भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस की विजिबिलिटी बढ़ाई जाए। उन्होंने निर्देश दिया कि नगर और देहात क्षेत्रों में संयुक्त टीमें गठित कर बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन अभियान नियमित रूप से चलाया जाए, और इसमें किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए।
एसएसपी ने पुलिसकर्मियों को आमजन के प्रति संयमित और मर्यादित व्यवहार रखने की हिदायत दी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी भी पुलिसकर्मी के खिलाफ दुर्व्यवहार या शिकायत सामने आती है तो उसे नजरअंदाज नहीं किया जाएगा और संबंधित के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

यातायात व्यवस्था की समीक्षा करते हुए एसएसपी ने थाना और यातायात पुलिस को आपसी समन्वय के साथ ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यातायात सुधार के लिए संयुक्त प्रयास किए जाएं ताकि शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित हो सके।
बैठक के दौरान एसएसपी ने यह भी स्पष्ट किया कि कर्तव्यों के प्रति उदासीनता या लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Recent Comments