मुख्यमंत्री ने किया राजा जगतदेव जी की प्रतिमा का वर्चुअल अनावरण

उधमसिंह नगर। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को गदरपुर क्षेत्र के ग्राम पंचायत रोशनपुर डलबाबा में बुक्सा जनजाति के राजा जगतदेव जी की प्रतिमा का वर्चुअल अनावरण किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजा जगतदेव जी का जीवन त्याग, वीरता, धर्मनिष्ठा और संस्कृति संरक्षण का अद्वितीय उदाहरण है। यह अवसर केवल प्रतिमा अनावरण का नहीं, बल्कि बुक्सा जनजाति की गौरवशाली परंपरा, संस्कृति और बलिदान को नमन करने का दिवस है। उन्होंने कहा कि राजा जगतदेव जी ने कठिन परिस्थितियों में भी धर्म और संस्कृति की रक्षा हेतु अपना सर्वस्व अर्पित किया, जो स्वाभिमान और आस्था की अदम्य शक्ति का प्रतीक है।

श्री धामी ने कहा कि ऊधमसिंहनगर, नैनीताल और कोटद्वार सहित कई क्षेत्रों में बसे बुक्सा समाज के लोग अपनी संस्कृति, परंपरा और आत्म-सम्मान को जीवंत रखे हुए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय समुदायों के सांस्कृतिक संरक्षण, इतिहास के दस्तावेजीकरण, शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास और रोजगार के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राजा जगतदेव जी की गौरवगाथा पर शोध कार्य भी किए जाने चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियाँ उनसे प्रेरणा ले सकें।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्र के विकास से संबंधित तीन घोषणाएँ कीं:-

ग्राम सभा रोशनपुर स्थित श्री डलबाबा मंदिर परिसर में चाहरदीवारी, टीनशेड, फर्श और शौचालय का निर्माण कराया जाएगा।

ग्राम बलरामनगर से खेमपुर तक तीन किलोमीटर सड़क का पुनर्निर्माण होगा।

ग्राम सीतापुर से एएनके इंटर कॉलेज तक चार किलोमीटर सड़क का पुनर्निर्माण कराया जाएगा।

कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख ज्योति ग्रोवर, नगर पंचायत अध्यक्ष सतीश चुघ, दर्जामंत्री मंजीत सिंह राजू, जिलाधिकारी नितिन भदौरिया तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments