गोरखा हिमालयन फेस्टिवल के पहले चैप्टर 2026 का भव्य शुभारंभ, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने किया उद्घाटन

देहरादून। शहीद मेजर दुर्गा मल्ल मैदान में तीन दिवसीय गोरखा हिमालयन फेस्टिवल के पहले चैप्टर 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर उन्होंने हिमालयी राज्यों में गोरखा समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की सराहना करते हुए कहा कि उत्तराखंड की पहचान उसकी विविधता, लोकसंस्कृति और पारंपरिक मूल्यों से है।

कार्यक्रम में गोरखा हिमालयन समिति के संस्थापक आचार्य डॉ. सुशांत महाराज, अध्यक्ष कमला थापा, संरक्षक गोदावरी थापली, सलाहकार राजन शाही उपस्थित रहे, तथा मंच संचालन ज्योति कोटिया और प्रभा शाह ने किया। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि के तौर पर कांग्रेस की मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी एवं संगठन की राष्ट्रीय महामंत्री नूतन बिष्ट भी मौजूद रहीं।

अपने संबोधन में हरीश रावत ने कहा कि हिमालयी राज्यों में ही कला और संस्कृति का ऐसा अनूठा संगम देखने को मिलता है। उत्तराखंड के सामाजिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रनिर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले ऐसे आयोजन हमारी नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने देहरादून एवं उत्तराखंड वासियों से अधिक से अधिक संख्या में इस फेस्टिवल में प्रतिभाग करने का आह्वान किया।

तीन दिवसीय इस महोत्सव में पारंपरिक लोकनृत्य, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, स्थानीय हस्तशिल्प, व्यंजन एवं विभिन्न सामाजिक गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जो हिमालयी और गोरखा समुदाय की समृद्ध परंपराओं को प्रदर्शित करेंगी।

गोरखा हिमालयन फेस्टिवल 2026 उत्तराखंड की सांस्कृतिक एकता और सामाजिक समरसता का उत्सव है, जिसमें प्रदेशवासियों की उत्साहपूर्ण सहभागिता अपेक्षित है।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments