‘तेल-गैस बचाओ, हरित ऊर्जा अपनाओ’ के संकल्प के साथ देहरादून में शुरू हुआ सक्षम-2025 अभियान

देहरादून । “तेल और गैस बचाओ, हरित ऊर्जा अपनाओ” (Conserve Oil & Gas, Go Green) की थीम के साथ तेल एवं गैस संरक्षण अभियान ‘सक्षम-2025-26’ का आज यहां औद्योगिक विकास एवं कल्याण प्रतिष्ठान (आईडीएंडडब्ल्यूई) परिसर में औपचारिक शुभारंभ हुआ। भारतीय पेट्रोलियम संस्थान, देहरादून के निदेशक डॉ. हरेन्द्र सिंह बिष्ट ने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. बिष्ट ने कहा कि प्रभावी ऊर्जा प्रबंधन ही संसाधनों के कुशल उपयोग का सर्वोत्तम तरीका है। उन्होंने ऊर्जा के व्यर्थ और उपयोगी पहलुओं पर प्रकाश डाला। ग्रीनहाउस प्रभाव में CO2 की प्रमुख भूमिका को ध्यान में रखते हुए उन्होंने वातावरण में कार्बन डाइऑक्साइड कम करने के अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह अभियान पखवाड़े तक सीमित न रहकर पूरे वर्ष चलने वाली निरंतर प्रक्रिया बननी चाहिए।

आईडीएंडडब्ल्यूई के कार्यकारी निदेशक के. आर. बाबू ने कहा कि भारत अपनी तेल जरूरत का 85 प्रतिशत से अधिक आयात करता है, ऐसे में ऊर्जा का संरक्षण न करना देश की अर्थव्यवस्था पर सीधा प्रहार है। उन्होंने ओएनजीसी द्वारा सौर एवं पवन ऊर्जा संयंत्रों सहित वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों के बारे में विस्तार से बताया।

मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन) नीरज कुमार शर्मा ने युवाओं व जनसमूह के बीच जागरूकता फैलाने के तरीकों पर चर्चा की। उन्होंने कहा, “ऊर्जा बचाना ही उसे उत्पन्न करने के बराबर है। इसमें बड़े त्याग की नहीं, बल्कि दृढ़ इच्छाशक्ति की जरूरत है। लाखों लोगों द्वारा उठाए गए छोटे कदम ही राष्ट्र को बदल सकते हैं।”

फ्रंटियर बेसिन के ड्रिलिंग सेवा प्रमुख आनंद कुमार सिन्हा ने ट्रैफिक सिग्नल पर वाहन बंद करने, कारपूलिंग और ऊर्जा कुशल खाना पकाने के तरीकों जैसे व्यावहारिक उपाय सुझाए।

कार्यक्रम में स्वागत भाषण देते हुए एहताशामुल हक, महाप्रबंधक (तकनीकी एवं ऊर्जा लेखा) ने कहा कि ओएनजीसी हमेशा से इस राष्ट्रीय आंदोलन का नेतृत्व करने में अग्रणी रहा है। उन्होंने पखवाड़े के दौरान आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों और हरित ऊर्जा के लक्ष्यों को प्राप्त करने की ओएनजीसी की पहलों के बारे में जानकारी दी।

कार्यक्रम का शुभारंभ ओएनजीसी गीत के साथ हुआ। डॉ. बिष्ट ने हिंदी में और श्री बाबू ने अंग्रेजी में सभी उपस्थित लोगों को सक्षम-2025 का संकल्प दिलाया। तकनीकी सेवाओं की टीम द्वारा घरेलू, परिवहन, औद्योगिक एवं कृषि क्षेत्र को ध्यान में रखते हुए विशेष जागरूकता कार्यक्रम तैयार किए गए हैं। कार्यक्रम का सफल संचालन सीनियर एचआरई स्वीता साहू ने किया एवं महीपाल सिंह, इलेक्ट्रिकल इंजीनियर (मैकेनिकल) ने आभार व्यक्त किया।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments