

STF और 1930 हेल्पलाइन ने जुलाई में रचा इतिहास, बचाए इतने करोड़!
बैंकिंग आईडी दोबारा एक्टिव कराने के नाम पर ठगे गए थे ऊधमसिंहनगर निवासी स्वरूप सिंह, शिकायत के तुरंत बाद खाते फ्रीज कर बचाई रकम
देहरादून। साइबर ठगी के शिकार लोगों को राहत देने में एसटीएफ उत्तराखंड की राष्ट्रीय वित्तीय साइबर हेल्पलाइन 1930 कंट्रोल रूम एक बार फिर कारगर साबित हुई है। ऊधमसिंहनगर जिले के दिनेशपुर निवासी स्वरूप सिंह के साथ हुई करीब सवा डेढ़ करोड़ रुपये की ठगी में एसटीएफ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 1.45 करोड़ रुपये की रकम सुरक्षित करा ली।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ के अनुसार, 27 जुलाई को स्वरूप सिंह ने 1930 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई कि अज्ञात साइबर अपराधियों ने उनकी बैंकिंग आईडी को दोबारा सक्रिय कराने के नाम पर ई-सिम जारी कराने का झांसा देकर उनसे 1,51,06,100 रुपये की ठगी कर ली। शिकायत मिलते ही 1930 कंट्रोल रूम की टीम ने तत्काल संबंधित बैंकों और अन्य हितधारकों से समन्वय स्थापित किया, जिसके चलते पीड़ित की 1,45,82,750 रुपये की रकम समय रहते होल्ड कराने में सफलता मिली।
एसटीएफ ने बताया कि जुलाई 2026 में महीना पूरा होने से पहले ही 1930 कंट्रोल रूम के माध्यम से साइबर अपराध पीड़ितों की करीब 4 करोड़ रुपये की धनराशि सुरक्षित कराई जा चुकी है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ ने जनता से अपील की कि अपना बैंक खाता, एटीएम कार्ड, ओटीपी, पिन या यूपीआई पिन किसी से साझा न करें और अपना बैंक खाता किराये या कमीशन पर किसी को इस्तेमाल के लिए न दें, यह दंडनीय अपराध है। उन्होंने कहा कि अज्ञात स्रोत से धनराशि प्राप्त होने पर तुरंत बैंक या पुलिस को सूचित करें। उन्होंने अज्ञात नंबरों से आने वाली वीडियो कॉल, डिजिटल अरेस्ट के नाम पर धमकी, पुलिस-सीबीआई-ईडी अधिकारी बनकर डराने-धमकाने और भारी मुनाफे का लालच देकर निवेश कराने वाले साइबर ठगों से सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी सरकारी एजेंसी ऑनलाइन गिरफ्तार नहीं करती और कस्टमर केयर नंबर के लिए गूगल सर्च पर भरोसा न करें। किसी भी वित्तीय साइबर ठगी की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर संपर्क करने या www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की अपील की गई।
एसटीएफ साइबर ठगी बचाव, 1930 हेल्पलाइन उत्तराखंड, ई-सिम फ्रॉड देहरादून, साइबर क्राइम ऊधमसिंहनगर, डिजिटल अरेस्ट ठगी, बैंक खाता फ्रीज साइबर अपराध, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अपील

Recent Comments