
उत्तरकाशी। एक दिवसीय दौरे पर उत्तरकाशी पहुंचे प्रदेश के आयुष, आयुष शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन कौशिक ने बुधवार को जिला सभागार में विभागीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने आयुष और पंचायती राज विभाग के कार्यों की प्रगति जानी और जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
कैबिनेट मंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने पर जोर देते हुए जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी से सभी आयुर्वेदिक चिकित्सालयों की स्थिति, डॉक्टरों की उपलब्धता, दवा स्टॉक और दैनिक ओपीडी के आंकड़े तलब किए। उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों में पारंपरिक और आयुर्वेदिक चिकित्सा का विशेष महत्व है, इसलिए अस्पतालों में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं होगी।
स्थानीय नागरिकों और प्रवासियों के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए मंत्री ने सभी वैलनेस सेंटरों को सक्रिय रखने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन सेंटरों में योग और प्राणायाम जैसी गतिविधियां नियमित रूप से संचालित की जाएं ताकि आम जनता को सीधा लाभ मिले।

पंचायती राज विभाग की समीक्षा में मंत्री ने ग्रामीण विकास कार्यों में तेजी लाने को कहा। उन्होंने ग्राम पंचायत स्तर पर चल रही योजनाओं, बुनियादी ढांचे और जनहित के कार्यों की प्रगति जानी। अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य तय समय सीमा में गुणवत्ता के साथ पूरे किए जाएं।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष रमेश चौहान, जिलाधिकारी प्रशांत आर्य, विधायक सुरेश चौहान, दर्जा राज्य मंत्री प्रताप पंवार, भाजपा जिलाध्यक्ष नागेंद्र चौहान, पूर्व विधायक विजयपाल सजवान, प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा डॉ. स्वराज विद्वान, भाजपा नेता पवन नौटियाल, शशिकांत नेगी सहित सीडीओ जय भारत सिंह, डीएफओ डीपी बलूनी, सीएमओ डॉ. बीएस रावत व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Recent Comments