
नैनीताल। लोक भवन नैनीताल में बुधवार को अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों के लिए एक दिवसीय विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य नियमित जांच से बीमारियों की समय पर पहचान करना और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि) ने शिविर का निरीक्षण किया। उन्होंने चिकित्सकों और स्वास्थ्य कर्मियों से उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली और वहां मौजूद अधिकारियों-कर्मचारियों से संवाद कर उनका हालचाल जाना। राज्यपाल ने सभी से अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने का आह्वान किया।
बीडी पांडे जिला चिकित्सालय के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने शिविर में करीब 150 विभिन्न स्वास्थ्य जांचें कीं और 15 ईसीजी परीक्षण भी किए गए। प्रतिभागियों को जरूरी चिकित्सकीय परामर्श और स्वास्थ्य मार्गदर्शन दिया गया।
शिविर में कार्डियोलॉजिस्ट डॉ. सुधांशु सिंह, जनरल फिजिशियन डॉ. अभिषेक गुप्ता, जनरल सर्जन डॉ. शादन अली, नेत्र शल्य चिकित्सक डॉ. दीपिका लोहानी, पैथोलॉजिस्ट डॉ. प्रियांशु और मनोचिकित्सक डॉ. गरिमा ने सेवाएं दीं।


राज्यपाल ने कहा कि स्वस्थ जीवनशैली, नियमित जांच और समय पर परामर्श गंभीर बीमारियों की रोकथाम में अहम हैं। लोक भवन परिवार के हर सदस्य का उत्तम स्वास्थ्य उनकी प्राथमिकता है, इसलिए ऐसे शिविर आगे भी लगते रहेंगे।
इस मौके पर राज्यपाल ने बीडी पांडे चिकित्सालय के 7 उत्कृष्ट सेवा देने वाले चिकित्साकर्मियों को सम्मानित किया और शिविर में सेवा देने वाले सभी डॉक्टरों व स्वास्थ्य कर्मियों के समर्पण की सराहना की।

Recent Comments