
देहरादून: उत्तराखंड के वरिष्ठ पत्रकार और अमर उजाला समाचार पत्र के ब्यूरो चीफ राकेश खंडूरी के असामयिक निधन पर उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए कई राजनीतिक और सामाजिक हस्तियां डोईवाला पहुंचीं। तड़के एम्स ऋषिकेश में ओपन हार्ट सर्जरी के बाद उनका निधन हो गया था।
उनकी अंतिम यात्रा में शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि देने वालों में पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, पूर्व मुख्यमंत्री रमेश पोखरियाल निशंक और प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन सूर्यकांत धस्माना प्रमुख थे। इन सभी नेताओं ने दिवंगत पत्रकार को पुष्पांजलि अर्पित की और उनके परिजनों से मिलकर सांत्वना दी।
सामाजिक सरोकारों से जुड़े पत्रकार थे राकेश खंडूरी
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष सुखविंदर कौर की ओर से उनके पति सरदार तजेंद्र सिंह, डोईवाला विकास खंड के ब्लॉक प्रमुख गौरव कुमार गिन्नी, प्रेस क्लब अध्यक्ष कंडारी, वरिष्ठ पत्रकार जितेंद्र अन्थवाल, राजेश पांडे, विपिन बनियाल, नवीन थलेड़ी, सूचना आयुक्त योगेश भट्ट, और पत्रकार विनोद मुसान समेत अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने भी खंडूरी को श्रद्धा सुमन अर्पित किए।
उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष और प्रवक्ता धीरेंद्र प्रताप ने भी राकेश खंडूरी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने खंडूरी को “सामाजिक सरोकारों से जुड़ा हुआ एक जमीनी और बहुत ही अनुभवी पत्रकार” बताया। धीरेंद्र प्रताप ने कहा कि उनके निधन से उत्तराखंड के पत्रकारिता जगत में एक बड़ी रिक्तता आ गई है, जिसे भरना मुश्किल होगा। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले कुछ महीनों में राज्य ने दैनिक जागरण से जुड़े विकास धूलिया के बाद एक और अनुभवी और निष्पक्ष पत्रकार को खो दिया है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।

Recent Comments