

पिया थापा ने कहा- निर्मल पुर्जी का साहस आने वाली पीढ़ियों के लिए रहेगा प्रेरणास्रोत
देहरादून । महान पर्वतारोही एवं अदम्य साहस के प्रतीक निर्मल पुर्जी ‘निम्सदाई’ (वीर गोरखा) की स्मृति में आज प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) ओबीसी महिला समन्वयक एवं उपाध्यक्ष गोरखा प्रकोष्ठ, उत्तराखंड पिया थापा की ओर से किया गया, जिसमें उपस्थित लोगों ने वीर पर्वतारोही के साहस, संघर्ष और प्रेरणादायी जीवनगाथा को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम की शुरुआत दिवंगत आत्मा की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर की गई, इसके पश्चात निर्मल पुर्जी के साहसपूर्ण जीवन पर आधारित डॉक्यूमेंट्री का प्रदर्शन किया गया, जिसने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया। श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए पिया थापा ने कहा कि निम्सदाई केवल एक महान पर्वतारोही नहीं, बल्कि साहस, अनुशासन, दृढ़ इच्छाशक्ति और कभी हार न मानने की भावना के प्रतीक थे। उन्होंने कहा, “उन्होंने जिस प्रकार दुनिया की कठिनतम चोटियों को चुनौती दी, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणा स्रोत रहेगा।” उन्होंने गोरखा समाज की वीरता और देशसेवा की परंपरा को रेखांकित करते हुए कहा कि निम्सदाई ने अपनी उपलब्धियों से पूरे उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया है।
कार्यक्रम के दौरान सामाजिक, व्यावसायिक, राजनीतिक एवं जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों को गोरखाओं की वीरता के प्रतीक पारंपरिक ‘खुकरी’ भेंट कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर नॉर्थ ईस्ट किचन रेस्टोरेंट की अलीशा शर्मा, जे.पी. भट्टराई, मीनू राणा, लाल चंद शर्मा, अधिवक्ता पंकज छेत्री, रितेश छेत्री व हेमंत थापा सहित कई गणमान्य लोगों को सम्मानित किया गया। वहीं, कार्यक्रम की सबसे भावुक कर देने वाली क्षण वह रहा जब शहीद नीरज थापा की माता श्रीमती सीता थापा को सम्मानित किया गया। उपस्थित सभी लोगों ने शहीद के बलिदान को नमन किया, जिससे पूरा हॉल श्रद्धा से ओत-प्रोत हो गया। पिया थापा ने कहा कि शहीदों के परिवारों का सम्मान करना समाज की जिम्मेदारी है और सीता थापा जी का सम्मान प्रत्येक शहीद परिवार के प्रति कृतज्ञता का प्रतीक है।
कार्यक्रम में प्रिंट मीडिया के पत्रकारों एवं प्रतिनिधियों को भी सम्मानित करते हुए उनकी भूमिका को सराहा गया। पिया थापा ने कहा कि लोकतंत्र में मीडिया की अहम भूमिका है और गोरखा समाज की वीरता की गाथाओं को जनता तक पहुंचाने में पत्रकार महत्वपूर्ण योगदान देते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी ने निर्मल पुर्जी ‘निम्सदाई’ के साहस, एकता, सेवा और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया। पिया थापा ने कहा कि निम्सदाई भले ही शारीरिक रूप से हमारे बीच न हों, लेकिन उनका संघर्ष और प्रेरणादायी गाथा सदैव जीवित रहेगी। कार्यक्रम का समापन “ॐ शांति” के साथ भावपूर्ण श्रद्धांजलि के रूप में हुआ।

Recent Comments