
देहरादून: उत्तराखंड में आई हालिया प्राकृतिक आपदा को देखते हुए, उत्तराखंड वित्त सेवा अधिकारी संघ ने एक बड़ा फैसला लिया है। संघ के सभी अधिकारी आपदा पीड़ितों की मदद के लिए स्वेच्छा से अपने एक दिन का वेतन मुख्यमंत्री राहत कोष में दान करेंगे।
यह निर्णय आज, 8 अगस्त, 2025 को निदेशक, कोषागार, अमिता जोशी की अध्यक्षता में हुई संघ की कार्यकारिणी बैठक में लिया गया। संघ के अध्यक्ष जयपाल सिंह तोमर ने बताया कि बैठक में उत्तरकाशी के धराली क्षेत्र में 5 अगस्त को आई आपदा की गंभीरता पर विस्तार से चर्चा की गई।
उन्होंने कहा कि यह योगदान सिर्फ एक आर्थिक मदद नहीं, बल्कि आपदा प्रभावितों के प्रति मानवीय संवेदनशीलता और सामाजिक जिम्मेदारी को भी दिखाता है। यह पहल उन सभी अधिकारियों, सुरक्षा बलों, डॉक्टरों और स्वयंसेवकों के साथ एकजुटता का प्रतीक है, जो दिन-रात राहत और बचाव के काम में लगे हुए हैं।
इस योगदान का उद्देश्य राज्य सरकार के आपदा प्रबंधन तंत्र को मजबूत करना है, ताकि प्रभावित क्षेत्रों में राहत और पुनर्वास का काम और तेजी से हो सके। जयपाल सिंह तोमर ने कहा कि इस मुश्किल घड़ी में संघ के सभी सदस्यों से संवेदना और जिम्मेदारी के साथ सहयोग करने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि ऐसी आपदाओं में हर नागरिक और कर्मचारी की भागीदारी बहुत जरूरी है, और यह पहल दिखाती है कि वित्त सेवा के लिए जनहित सबसे ऊपर है।

Recent Comments