राष्ट्रीय एकता दिवस पर गुजरात पहुंचा उत्तराखण्ड पुलिस दल

सीखेगा बड़े आयोजनों के प्रबंधन के गुर

देहरादून। राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाली भव्य एकता परेड के दौरान पुलिस व्यवस्थाओं का अनुभव और अध्ययन करने के लिए उत्तराखण्ड पुलिस की पांच सदस्यीय टीम गुजरात के केवड़िया पहुंची है। यह दौरा डीजी/आईजी सम्मेलन के दिशा-निर्देशों के तहत बड़े आयोजनों में पुलिस प्रबंधन को और प्रभावी बनाने की पहल के रूप में किया गया है।

पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के नेतृत्व और निर्देश में भेजी गई इस टीम में पुलिस उपाधीक्षक अभिनय चौधरी, उपाधीक्षक नताशा सिंह, निरीक्षक प्रमोद कुमार उनियाल, उपनिरीक्षक बरखा कन्याल और उपनिरीक्षक दीपिका बिष्ट शामिल हैं।

यह दल केवड़िया में सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय एकता परेड के दौरान पुलिस व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, वीवीआईपी सुरक्षा और यातायात प्रबंधन से जुड़ी व्यवस्थाओं का गहन अध्ययन करेगा। इस आयोजन में देशभर से 4200 से अधिक पुलिसकर्मी, केंद्रीय पुलिस संगठन और अर्द्धसैनिक बलों के प्रतिनिधि भाग ले रहे हैं।

डीजीपी दीपम सेठ ने कहा कि ऐसे राष्ट्रीय आयोजनों से पुलिस अधिकारियों को बड़े कार्यक्रमों के दौरान सुरक्षा व यातायात संचालन की बारीकियों को समझने का अवसर मिलता है। इससे विभिन्न राज्यों की पुलिस बलों के बीच आपसी समन्वय और कार्यकुशलता में भी वृद्धि होती है। उन्होंने कहा कि अध्ययन दौरे से मिले अनुभवों को उत्तराखण्ड में होने वाले आयोजनों में अपनाते हुए पुलिस व्यवस्था को और अधिक प्रभावी और जनसेवी बनाया जाएगा।

ऐसी और भी खबरें पढ़ने के लिए बने रहें merouttarakhand.in के साथ।
Subscribe our Whatsapp Channel
Like Our Facebook & Instagram Page
RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments