

उत्तरकाशी। “सेवा, सुशासन, समर्पण” और “जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” की भावना के साथ जनपद में चल रहे सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत शुक्रवार को विकासखण्ड पुरोला के राजकीय इंटर कॉलेज हुडोली में जन सेवा शिविर का आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश और जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर का उद्देश्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाना और लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान करना रहा।
शिविर में विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं की जानकारी दी गई। पात्र लाभार्थियों को आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों के बारे में भी बताया गया। इसी दौरान “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के तहत वृक्षारोपण भी किया गया।
शिविर में 167 लोगों को सीधे लाभ मिला। स्वास्थ्य विभाग ने 14 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक दवाएं वितरित कीं। राजस्व विभाग ने 22 जाति प्रमाण पत्र और हिस्सा प्रमाण पत्र बनाए। पंचायतीराज विभाग ने 27, समाज कल्याण ने 15, कृषि विभाग ने 10, ग्राम्य विकास ने 5, खाद्य आपूर्ति ने 4, सहकारिता ने 2 लोगों को योजनाओं की जानकारी देकर लाभान्वित किया। पशुपालन विभाग ने 65 और बाल विकास विभाग ने 3 लोगों को योजनाओं की जानकारी दी।

शिविर में ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनी गईं। उपाध्यक्ष गोरखा कल्याण परिषद अभिषेक शाही और जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश ने लोगों से संबंधित विभागों की 5 समस्याएं सुनीं, जिनमें से 3 का निस्तारण मौके पर ही कर दिया गया।
जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के मार्गदर्शन में सेवा पखवाड़े के तहत जनपद के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में लगातार जन सेवा शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के जरिए एक ही स्थान पर सभी विभागों की सेवाएं उपलब्ध कराकर लोगों को समय और भटकाव से राहत मिल रही है।
शिविर में उपाध्यक्ष गोरखा कल्याण परिषद अभिषेक शाही, ग्राम प्रधान हेमराज, विजेंद्र रावत, अतोल चौहान, विक्रम नेगी, त्रिपन रावत, जिला विकास अधिकारी वेद प्रकाश, खंड विकास अधिकारी सुरेश चौहान, नोडल अधिकारी आशीष कुमार सहित विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।


Recent Comments